{"_id":"69e7223e9435ce58e10ec5bb","slug":"jammu-and-kashmir-board-has-declared-the-class-10th-exam-results-2026-04-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू-कश्मीर बोर्ड 10वीं रिजल्ट घोषित: बेटियों का रहा शानदार प्रदर्शन, 88.85% छात्र सफल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जम्मू-कश्मीर बोर्ड 10वीं रिजल्ट घोषित: बेटियों का रहा शानदार प्रदर्शन, 88.85% छात्र सफल
Tue, 21 Apr 2026 12:37 PM IST
Nikita Gupta
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू
Published by: Nikita Gupta
Updated Tue, 21 Apr 2026 12:37 PM IST
सार
जम्मू-कश्मीर बोर्ड ने कक्षा 10वीं का परिणाम घोषित किया, जिसमें कुल 88.85 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे।
विज्ञापन
JKBOSE 10th Result
- फोटो : Amar ujala graphics
विस्तार
जम्मू-कश्मीर बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबोस) ने जम्मू डिवीजन (समर जोन) की 10वीं कक्षा के सालाना (रेगुलर) परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस बार 88.85 फीसदी छात्र पास हुए हैं, जिससे रिजल्ट अच्छा माना जा रहा है।
विज्ञापन
रिजल्ट में एक बार फिर बेटियां आगे रही हैं। लड़कियों का पास प्रतिशत 90.42 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का 87.51 फीसदी रहा। इस तरह बेटियों ने करीब तीन फीसदी की बढ़त बना ली।
विज्ञापन
इस परीक्षा में कुल 50,754 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें 27,486 लड़के और 23,268 लड़कियां थीं। कुल 45,094 छात्र पास हुए, जबकि करीब 5,650 छात्र पास नहीं हो सके।
विज्ञापन
विषयों में सोशल स्टडीज का रिजल्ट सबसे अच्छा रहा। इस विषय में 96 फीसदी छात्र पास हुए। इसके अलावा अंग्रेजी, हिंदी और विज्ञान में करीब 94 फीसदी छात्र पास हुए, जबकि गणित में 93 फीसदी छात्र सफल रहे।
कुछ विषयों में रिजल्ट थोड़ा कमजोर भी रहा। उर्दू में करीब 90 फीसदी छात्र पास हुए, जबकि टेलीकॉम जैसे कुछ वोकेशनल विषयों में पास प्रतिशत काफी कम रहा।
ग्रेड की बात करें तो बड़ी संख्या में छात्रों को ए 1, ए 2 और बी 1 ग्रेड मिले हैं, जो अच्छे प्रदर्शन को दिखाता है। नकल के मामलों में भी कार्रवाई हुई है। परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के 8 मामले सामने आए, जबकि 2 परीक्षाएं रद्द की गईं। कुछ छात्रों के विषय भी रद्द किए गए हैं।
बोर्ड के नियम के अनुसार 33 फीसदी अंक लाने वाले छात्र पास माने जाते हैं। बोर्ड के अनुसार पास छात्र अब 11वीं में दाखिला ले सकते हैं। जिन छात्रों को किसी विषय में कम ग्रेड मिला है, उन्हें अगली परीक्षा में सुधार करना होगा, नहीं तो उनका दाखिला रद्द हो सकता है।रिजल्ट से साफ है कि इस बार भी बेटियों ने पढ़ाई में अपनी बढ़त बनाए रखी है।