जम्मू-कश्मीरः शोपियां मुठभेड़ में दो आतंकियों का सफाया, भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में अंसार गज्वातुल हिंद (एजीएच) के दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों से हथियार और गोला बारूद बरामद किया गया है।
जिले के अवनीरा गांव में सोमवार देर रात को एक सूचना के आधार पर सेना की एक राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर), सीआरपीएफ और एसओजी के जवानों द्वारा इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान अंधेरे का फायदा उठाते हुए आतंकियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार होने की कोशिश की लेकिन सतर्क जवानों की जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई।
रात भर चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को मंगलवार तड़के दो आतंकियों को मार गिराने में सफलता हाथ लगी। पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकी एजीएच से संबंधित थे और उनके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। आतंकियों की शिनाख्त मांचोवा कुलगाम के सयार अहमद भट और अवनीरा शोपियां के शाकिर अहमद वागे के तौर पर हुई है।
शाकिर जैनापोरा शोपियां में इरफान हमीद शेख नामक एक स्थानीय की हत्या में शामिल था। इसके अलावा भी कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के पीछे इन आतंकियों का हाथ रह चुका था। मारे गए आतंकियों से हथियार-गोला बारूद के अलावा कई अन्य सामग्री भी बरामद हुई जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से मुठभेड़ स्थल से दूर रहने को कहा है।