जम्मू: किताबें और वर्दी के लिए वसूले जा रहे थे ज्यादा दाम, पांच दुकानें सील, पौने चार लाख का जुर्माना
एडीसी जम्मू अंसूया जम्वाल के नेतृत्व में लीगल मेट्रोलाजी विभाग, श्रम विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कच्ची छावनी एवं पक्का डंगा क्षेत्र में दबिश दी। टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर एक दर्जन दुकानों की जांच की।
विस्तार
जम्मू शहर में निर्देशों की अवहेलना कर अधिक दाम पर किताबें और वर्दी बेचने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को कच्ची छावनी, बाहु प्लाजा और कुंजवानी में पांच दुकानें सील कर मालिकों पर पौने 3.75 लाख रुपये (प्रति दुकानदार 75 हजार रुपये) जुर्माना लगाया गया है। जिन स्कूलों के लिए दुकानदार किताबें बेच रहे थे उनके खिलाफ भी प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में है।
एडीसी जम्मू अंसूया जम्वाल के नेतृत्व में लीगल मेट्रोलाजी विभाग, श्रम विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कच्ची छावनी एवं पक्का डंगा क्षेत्र में दबिश दी। टीम ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर एक दर्जन दुकानों की जांच की। बाहु प्लाजा में एक दुकान साहित्य संगम बिना लाइसेंस के मिली। वहीं, दुकान पर शहर के नामी स्कूलों की किताबों के बंडल मिले।
दुकानदार ने अलग-अलग कक्षाओं के लिए किताबों के बंडल बनाए हुए थे। इसके लिए बकायदा एक सूची भी थी। लेकिन सबसे हैरानी की बात यह देखने को मिली कि उक्त बंडल में न तो एनसीईआरटी और न ही शिक्षा विभाग की ओर से सूचिबद्ध किताब मिली है। दुकानदार के पास किताबें बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था, जिस कारण दुकान को सील कर दिया गया।
बिना रेटलिस्ट के बेच रहे वर्दियां
कच्ची छावनी स्थित यू मार्ट दुकान को सील किया गया है। इममें जो यूनिफार्म बेची जा रही थी उस पर कोई रेट लिस्ट नहीं थी। इसके अलावा टीम ने विद्यार्थी नाम की अन्य दुकान की जांच की। वहां पर भी यही गड़बड़ी सामने आई। न ही अच्छे से पैकिंग की गई थी। प्रशासन ने तीनों दुकानों को सील कर दिया है। कुंजवानी में भी एक दुकान सील की गई है।
स्कूलों पर कार्रवाई संभव
एडीसी जम्मू ने बताया कि दुकानदारों के अनुसार स्कूलों की बेवसाइट पर उपलब्ध जानकारी पर ही किताबों के बंडल बनाए गए हैं। यदि ऐसा है तो संबंधित स्कूलों पर भी कार्रवाई होगी।
लगेगा 75 हजार रुपये जुर्माना, स्कूलों पर भी कार्रवाई
डीसी जम्मू को कई शिकायतें मिली हैं। इसमें बताया गया कि किताबों को अधिक दाम पर बेचा जा रहा है। इस संदर्भ में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। कच्ची छावनी में दो दुकानों के मालिकों को बिना रेटलिस्ट के वर्दियां बेचते पकड़ा गया।
बाहु प्लाजा में दुकान बिना लाइसेंस के चल रही थी। अधिक दाम पर एनसीईआरटी की किताबों के बिना ही बंडल बनाए गए थे। नियम के तहत दुकानों को सील किया गया है। प्रत्येक दुकान के मालिक को 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।-अंसूया जम्वाल, एडीसी, जम्मू