जम्मू: बेलीचराना में इमारत का काम रुकवाने पर हंगामा, परगालता में 32 अवैध ढांचे ध्वस्त
तहसील जम्मू के अंतर्गत गांव परगालता में जेडीए ने 60 कनाल जमीन से अतिक्रमण हटाया है। इस दौरान कुल 32 अवैध ढांचों को को ध्वस्त किया गया है।
विस्तार
जम्मू शहर के बेलीचराना में एक इमारत का काम रुकवाने पर पर हंगामा हो गया। पुलिस ने मामला शांत कराया। एयरपोर्ट अथारिटी, प्रशासन और कंटोनमेंट बोर्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट के साथ बहुमंजिला इमारत बन रही थी। इसका धरातल का काम होने के बाद पहली मंजिल पर लेंटर डाला गया था। यहां पर नियमों के अनुसार इमारत नहीं बन सकती है। इस पर कार्रवाई करने के लिए मंगलवार को टीम पहुंची और लेंटर की शेटरिंग हटवा दी।
इस पर बवाल हो गया। विरोध होने पर पुलिस पहुंची। इस दौरान कार्रवाई रोकने की कोशिश की गई। इस दौरान पत्थर भी मारे। टीम ने शेटरिंग हटा दी है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले लेंटर डाला गया था। हालांकि इसको लेकर मामला दर्ज नहीं हुआ है। ब्यूरो
60 कनाल भूमि अतिक्रमणमुक्त
तहसील जम्मू के अंतर्गत गांव परगालता में जेडीए ने 60 कनाल जमीन से अतिक्रमण हटाया है। इस दौरान कुल 32 अवैध ढांचों को को ध्वस्त किया गया है। कार्रवाई सुबह नौ बजे शुरू हुई, देर शाम तक जारी रही। जेडीए के अनुसार सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया था। पहले नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन निर्माण नहीं रुका। इसके बाद मंगलवार को कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान लोगों ने विरोध जताना चाहा, लेकिन बड़ी संख्या में तैनात पुलिस बल के सामने उनकी नहीं चली। उधर, अतिक्रमण हटाने के साथ उक्त जमीन पर जेडीए ने अपने साइन बोर्ड भी स्थापित किए। जेडीए के अनुसार जमीन सरकारी है। ऐसे में कार्रवाई कर उक्त जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सुशील कुमार, नायब तहसीलदार कस्तूरी लाल, पटवारी आसिब और अन्य मौजूद रहे।
गुम्मट में बनेंगे अब आधुनिक खोखे
गुम्मट में अब आधुनिक खोखों का निर्माण किया जाएगा। यह सुविधा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत खोखाधारकों को दी जानी है। वहीं खोखे अब खुले जगह में होंगे। नगर निगम के अनुसार खोखाधारक खोखों को खाली कर रहे हैं। इनकों तोड़ कर काम शुरू होना है। इसके अलावा रास्ते को खुला किया जाना है। कुछ खोखाधारकों ने खुद ही खोखों को हटाना शुरू किया है। डीसी राजस्व नगर निगम संजय बडयाल ने कहा कि जल्द काम आरंभ कर खोखे तैयार होंगे। अब नगर निगम कार्यालय के साथ ही नई मार्केट बनेंगी। यहां पर खोखाधारकों को खोखे मुहैया करवाए जाएंगे।