कटड़ा की कुश्ती में दम दिखाएंगी इंटरनेशनल रेसलर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में आगामी नौ नवंबर को हो रहे दसवें रुस्तम-ए-इंटरनेशनल दंगल में पहली बार महिला पहलवान दम दिखाएंगी। इसके लिए पंजाब से आठ और जेएंडके से चार महिला पहलवान शिरकत कर रही हैं।
इसमें कामनवेल्थ, नेशनल स्कूल पदक विजेता और कई स्टेट चैंपियन शामिल हैं। इनमें कुल छह कुश्तियां कराई जाएंगी। रियासत में अब तक राष्ट्रीय स्तर पर मिट्टी पर ऐसा महिला दंगल नहीं कराया गया है। महिला पहलवानों का हौसला बढ़ाने एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता डोडा के शूटर चैन सिंह अतिथि रहेंगे।
जेएंडके इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के प्रधान शिव कुमार शर्मा का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय दंगल में पुरुषों के साथ पहली बार महिला कुश्तियों को कराया जा रहा है।
एशियन गेम्स पदक विजेता चैन सिंह पहुंचेंगे
कटड़ा में इस अंतर्राष्ट्रीय दंगल को सितंबर में बाढ़ के कारण कटड़ा नवरात्र फेस्टिवल से स्थगित कर दिया गया था, जिसके बाद अब इसे नौ नवंबर को कटड़ा के श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स स्टेडियम में करवाया जा रहा है।
महिला पहलवानों की टीम में पंजाब के गुरदासपुर से साउथ अफ्रीका कामन वेल्थ 2013 कांस्य पदक विजेता प्रीति, मोगा से नेशनल स्कूल रजत पदक विजेता गगनदीप कौर, संगरूर से जूनियर नेशनल कांस्य पदक विजेता कुलविंदर कौर, अमृतसर से अंतरराष्ट्रीय पहलवान रजनी भल्ला, मोगा से अलग अलग भार वर्ग में स्टेट चैंपियन नवजीत कौर, हरजीत कौर, संदीप कौर और संगरूर से स्टेट चैंपियन जसप्रीत कौर के साथ जालंधर से कोच गुरमैल शामिल हैं।
वहीं जेएंडके से एकता, 62 भार में सादफ, 72 भार में निशा आदि के साथ विश्वविद्यालय जम्मू के कोच जय भारत शामिल होंगे। दंगल से पूर्व स्टेडियम में सुबह 9-11 बजे पहलवानों का भार तोल किया जाएगा। इसके बाद डाक बंगला से स्टेडियम तक बैंडबाजों के साथ पहलवानों को लेकर रैली निकाली जाएगी। इसमें पुरुष पहलवान भी शामिल होंगे। दंगल में भूमाग पंजर उधमपुर से कुड पार्टी का नृत्य और ज्वालाजी हिमाचल प्रदेश से ढोल पार्टी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
पाक टीम का मामला गृह मंत्रालय के पास
कटड़ा में हो रहे अंतरराष्ट्रीय दंगल में पाक टीम के आने का मामला गृह मंत्रालय भारत सरकार के पास विचाराधीन है। जेएंडके सरकार ने पाक टीम के आने पर अपनी रिपोर्ट में हरी झंडी दी है।
पाकिस्तान से इस्लामाबाद से भी पाक टीम के आने के न्योते को भारत सरकार के पास भेजा गया है। जिसमें अंतिम मुहर गृह मंत्रालय की ओर से लगाई जाएगी। पाक टीम में छह पहलवान और तीन तकनीकी अधिकारियों का अटारी बार्डर से आना प्रस्तावित है।
पाक टीम का 7-11 नवंबर तक का वीजा जारी हुआ है। भारत और पाक के बीच रिश्तों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटड़ा में वर्ष 2005 में रुस्तम-ए-इंटरनेशनल दंगल की शुरुआत की गई थी।