36 घंटे के अंदर LoC से घुसपैठ की तीसरी कोशिश नाकाम, 2 आतंकी ढेर, 1 जवान शहीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर घाटी में पाकिस्तान की ओर से 36 घंटे में एलओसी के रास्ते घुसपैठ की तीसरी बड़ी कोशिश को भारतीय सेना के जवानों द्वारा नाकाम कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार पाक की ओर से एलओसी के रास्ते घुसपैठ कर रहे आतंकियों को मार गिराया गया है।
सेना की ये कार्रवाई उत्तरी कश्मीर के जिले कुपवाड़ा जिले के नौगाम में हुई है। सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार नौगाम सेक्टर में आतंकियों के एक दल द्वारा घुसपैठ की कोशिश की गई थी जिसके बाद एलओसी पर सतर्क सेना के जवानों द्वारा संदिग्ध हरकतों के जवाब में कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के बाद आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ शुरू हुई है जो कि अब तक जारी है। जानकारी के अनुसार इस मुठभेड़ में अब तक 2 आतंकियों को मार गिराया गया है, जबकि एक जवान शहीद हुआ है।
कश्मीर में आतंकियों की सक्रियता बढ़ी
दो दिनों के अंदर तीसरी बड़ी कोशिश को नाकाम किया है। नौगाम में घुसपैठ की इस कोशिश से पहले भी बुधवार को एलओसी के रास्ते 2 बड़ी आतंकी साजिशों को सेना ने नाकाम कर दिया था।
जानकारी के अनुसार इस क्रम में कुपवाड़ा में एलओसी के रास्ते घुसपैठ कर रहे आतंकियों को मार गिराया गया था। सेना के इस ऑपरेशन के दौरान 3 आतंकियों को मार गिराया गया था जिनसे 3 एके-47 राइफल समेत अन्य हथियार और जीपीएस बरामद किए गए थे।
उधर दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में भी वीरवार को आतंकियों द्वारा बैंक लूट की एक बड़ी साजिश को सुरक्षाबलों द्वारा नाकाम किए जाने की खबरें हैं। हालांकि अब तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।
पाकिस्तानी सेना भी दे रही है आतंकियों का साथ
एक तरफ जहां पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा एलओसी के रास्ते लगातार घुसपैठ की कोशिश की जा रही है वहीं सुरक्षाबलों को ये भी शक है कि आतंकी घुसपैठ की साजिशे पाकिस्तानी सेना की शह पर ही की जा रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले कश्मीर में बारामुला जिले के अंतर्गत उड़ी सेक्टर के गोहालाता के अनिल पोस्ट पर सेना ने बैट हमले को नाकाम कर दिया। इस क्रम में दो जवान घायल हो गए। सूत्रों के मुताबिक अनिल पोस्ट पर पाकिस्तानी बैट टीम की हलचल दिखी थी।
भारतीय सेना के जवानों ने पोजीशन लेकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी। सेना की सक्रियता से बैट ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें दो जवान जख्मी हो गए। जवाबी कार्रवाई के बाद बैट के सदस्य भाग निकले।