India-Pakistan: पाकिस्तान आतकंवादी देश, हम उसके मंसूबों को नहीं होने देंगे कामयाब; बोले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अनंतनाग में पाकिस्तान को आतंकवादी देश करार देते हुए कहा कि वह जम्मू-कश्मीर की प्रगति को बाधित करना चाहता है। उन्होंने जनता से एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ने और सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को पाकिस्तान को एक आतंकवादी देश करार दिया। उन्होंने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर की विकास यात्रा को पटरी से उतारना चाहता है और इसके लिए वह समुदायों के बीच कलह पैदा करने की कोशिश कर रहा है।
हम किसी को भी हमें विभाजित करने की अनुमति नहीं देंगे। उपराज्यपाल सोमवार को अनंतनाग के लार्कीपोरा ऐशमुकान में एक धार्मिक समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आतंकवादी दे जम्मू-कश्मीर में पिछले पांच वर्षों में कड़ी मेहनत से की गई प्रगति को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर के पांच साल के विकास को नष्ट करना चाहता है। वह हमारी एकता को तोड़ना चाहता है। हमें उसके नापाक मंसूबों को कामयाब नहीं होने देना चाहिए।
सामूहिक प्रतिरोध जरूरी है, तभी उसे हरा सकेंगे
उन्होंने जोर देकर कहा कि दुश्मन के एजेंडे को हराने का एकमात्र तरीका एकता और सामूहिक प्रतिरोध है। हम सभी को आतंकवादी देश के नापाक मंसूबों के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहिए। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पुलिस और सुरक्षा बल अहम भूमिका निभा रहे हैं।
लेकिन लोगों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है। एलजी ने कहा कि प्रशासन शांति और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन यह लक्ष्य तभी हासिल किया जा सकता है, जब जनता आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय रूप से समर्थन करे।
उन्होंने कहा, हमें अपनी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सहायता और समय पर सूचना प्रदान करने की आवश्यकता है ताकि इस खतरे को पूरी तरह से जड़ से उखाड़ फेंका जा सके। सुरक्षाकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने लोगों के धैर्य की भी सराहना की। उन्होंने कहा, अनेक उकसावों के बावजूद जम्मू-कश्मीर के लोगों ने धैर्य और संयम दिखाया है।