J&K: एएमयू के रिसर्च स्कॉलर मन्नान वानी को दूसरा बुरहान बनाने की फिराक में हिजबुल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के रिसर्च स्कॉलर मन्नान वानी को अपना दूसरा पोस्टर ब्वॉय बनाने की तैयारी में है। वह इसे कश्मीरी युवकों को बहकाने के लिए कुछ दिन पूर्व मारे गए कश्मीरी युवा आतंकी बुरहान वानी की जगह देना चाहता है।
मन्नान के हिजबुल से जुड़ने के बाद माना जा रहा है कि उसे आतंक का एक नया चेहरा बना कर घाटी में पेश किया जाएगा। यही वजह है कि आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के प्रमुख सैयद सलाउद्दीन ने खुद इस बात का एलान किया कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शोध छात्र मन्नान वानी ने हिजबुल मुजाहिदीन को ज्वाइन किया है।
बीती 3 जनवरी से एएमयू के लापता छात्र मन्नान वानी की एके 47 राइफल के साथ एक तस्वीर फेसबुक पर वायरल हो गई थी। जिसके मुताबिक मन्नान 5 जनवरी से हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़ गया। इस घटना की जानकारी के बाद वानी को विश्वविद्यालय ने निष्कासित कर दिया है।
हिजबुल मुजाहिद्दीन के शीर्ष कमांडर बुरहान वानी के जुलाई 2016 में मारे जाने के बाद हिजबुल एक ओर जहां कमांडरों की कमी से जूझ रहा था वहीं दूसरी ओर घाटी में लगातार उसकी पैठ कम होती जा रही थी। हिजबुल घाटी के युवाओं को बरगलाने के लिए बुरहान का सहारा लेता था।
बुरहान के पोस्टर बॉय बनाने के बाद से कई युवा आतंकी संगठन से जुड़ते चले गए। लेकिन उसके मारे जाने के बाद से हिजबुल में कोई भी कमांडर उसके कद के बराबर का न बचा था जो युवाओं को बंदूक के साथ ग्लैमर की दुनिया को जोड़ कर दिखा सकें। हिजबुल में किसी नए चेहरे की तलाश जब मन्नान ने आकर पूरी की तो सैयद सलाउद्दीन ने भी बिना कोई देरी किए उसे सिर-आंखों पर बैठा लिया ।
मन्नान को जल्द मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
हिजबुल जिस प्रकार से मन्नान को तवज्जो दे रहा है उससे इस बात को भी नकारा नहीं जा सकता है कि बहुत जल्द उसे कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक मन्नान को हिजुबल किसी कमांडर रैंक के साथ ही घाटी के युवाओं में कश्मीर की आजादी और शहादत का ग्लैमर बढ़ाने का भी काम सौंप सकता है।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्र मन्नान वानी के आतंकी संगठऩ हिज्बुल मुजाहिदीन (एचएम) में शामिल होने की जानकारी उसके चीफ सैयद सलाउदीन ने दी है। उसने कहा कि कश्मीर मेें बेरोजगारी है। जिसके कारण कश्मीरी युवा हमारे संगठन से जुड़ रहे हैं। मन्नान उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा के जिले के लोलाब क्षेत्र का रहने का वाला है।
गौरतलब है कि एएमयू द्वारा निष्कासित छात्र मन्नान वानी के साथ एक ही कमरे में रहने वाले लापता छात्र का पता लग गया है। वह जम्मू कश्मीर के बारामूला का रहने वाला मुजम्मिल हुसैन है और नागपुर में खनन कंपनी में नौकरी कर रहा है। हालांकि नौकरी लगने की सूचना उसने एएमयू को नहीं दी थी।