बीएसएफ काफिले पर हमला करने वालों को इनाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीएसएफ के काफिले पर हुए हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने ली है। इसके साथ ही हिजबुल ने चेतावनी दी है कि आगे भी सुरक्षा बलों पर इस तरह के हमले जारी रहेंगे।
हिजब के आपरेशनल कमांडर बलीग-उ-दीन ने एक स्थानीय न्यूज एजेंसी को दिए बयान में इस हमले की जिम्मेदारी ली है। कमांडर ने कहा कि हिजबुल के एक विशेष दस्ते ने हमले को अंजाम दिया है।
कमांडर ने हमले को अंजाम देने वाले दस्ते के सदस्यों के लिए इनाम की घोषणा करते हुए कहा कि ऐसे हमले भविष्य में भी जारी रहेंगे।
आतंकी हमले में दो जवान शहीद
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के कोयिल गांव में भारतीय वायु सेना के अवंतिपुरा बेस से कुछ ही दूरी पर आतंकियों ने बीएसएफ की जिप्सी (डब्ल्यूबी 74 जे 3708) पर हमला बोल दिया। बीएसएफ के एक उच्च अधिकारी के अनुसार, यह जिप्सी कोयिल गांव स्थित अपने कैंप से भारतीय वायु सेना के अवंतिपुरा बेस जा रही थी।
इस बीच इलाके में पहले से घात लगाए बैठे आतंकियों ने कैंप से थोड़ी दूरी पर स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल कोयिल के पास जिप्सी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई, जिसमें बीएसएफ के छह जवान घायल हो गए, जिन्हें तुरंत सेना के 92 बेस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो ने दम तोड़ दिया, जिनमें एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर था।
165 बटालियन ने शुरू की तलाश
घटना के तुरंत बाद सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप, बीएसएफ और सीआरपीएफ ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश बड़े पैमाने पर शुरू कर दी।
आतंकी हमले में शहीद जवानों की पहचान 165 बटालियन के एएसआई रुदल सिंह और हेड कांस्टेबल सूबेदार सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायलों की पहचान 165 बटालियन के कांस्टेबल परवजीत, 92 बटालियन के हेड कांस्टेबल विजय थपलियाल, कांस्टेबल विनोद सिंह (ड्राइवर) और कांस्टेबल अमर बहादुर के रूप में हुई है।
घायलों का इलाज सेना के बदामीबाग छावनी स्थित 92 बेस अस्पताल में चल रहा है। यह सभी भारतीय वायु सेना के अवंतिपुरा बेस की सुरक्षा में तैनात थे।
एक सप्ताह में हुए कई हमले
गौरतलब है कि दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले और आसपास के इलाकों में पिछले 6 दिनों में यह तीसरा हमला है। पहला हमला सोमवार देर रात हुआ, जिसमें बीएसएफ की अमरनाथ यात्रा से लौट रहे काफिले को निशाना बनाया गया था।
इस हमले में 7 जवान घायल हुए थे। दूसरा हमला बुधवार शाम को हुआ, जिसमें जम्मू कश्मीर पुलिस की पार्टी को निशाना बनाया गया था।
इस हमले में एक स्थानीय नागरिक समेत दो पुलिस जवान शहीद और दो घायल हुए थे। कुल मिलकर पिछले 6 दिनों के भीतर हुए तीन आतंकी हमलों में 5 की मौत और 13 घायल हुए हैं।