स्वास्थ्य मंत्री के दौरे पर बंद मिले कई हेल्थ सेंटर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री चौधरी लाल सिंह ने वीरवार को सौहांजना, कोट भलवाल के अलावा शहर में सुभाष नगर, गुज्जर नगर और डिग्याना में इवनिंग हेल्थ सेंटरों का दौरा कर संस्थानों की कार्यशैली की जांच की। इस दौरान सुभाष नगर, गुज्जर नगर और डिग्याना में इवनिंग हेल्थ सेंटरों को बंद पाया।
मंत्री ने चीफ मेडिकल अफसर (सीएमओ) डा. रोबिंद्र खजूरिया के अलावा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ हेल्थ सेंटरों के दौरे के दौरान बंद पाए सेंटरों पर मौके पर ही चीफ मेडिकल अफसर से कहा कि वह गैर हाजिर डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ से स्पष्टीकरण लें।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ की मौजूदगी को यकीनी बनाया जाए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान न होना पड़े। चौधरी लाल सिंह ने इस अवसर पर संबंधित डाक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को कहा कि वह स्वास्थ्य सेवाओं को पूरे निष्ठा भाव के साथ लोगों को मुहैया करवाएं।
इस दिशा में किसी तरह की कोताही पर सख्ती से निपटा जाएगा। मंत्री ने सौहांजना में पर्याप्त संख्या में प्राइमरी हेल्थ सेंटर में स्टाफ मुहैया करवाने के लिए भी निर्देश जारी किए।
ईमानदारी से ड्यूटी करें स्वास्थ्य कर्मी: लाल सिंह
राज्य की गठबंधन सरकार के स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह ने जिला अस्पताल सांबा व एक्सीडेंटल अस्पताल विजयपुर का औचक दौरा किया। उन्होंने डाक्टरों को जरूरी निर्देश देते हुए ईमानदारी के साथ काम करने के लिए कहा। स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने कहा कि अस्पतालों में रात को डाक्टर रुकें और मरीजों को सही सुविधाएं दें।
एक्सीडेंटल अस्पताल विजयपुर व जिला अस्पताल सांबा की वार्डों का भी दौरा किया। स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल के अधिकारियों से कहा कि वह साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की भी लापरवाही को बख्शा नहीं जाएगा। इसी दौरान स्थानीय लोगों का शिष्टमंडल भी स्वास्थ्य मंत्री से मिला।
इसमें उन्होंने जिला अस्पताल सांबा में स्टाफ की कमी पूरी करने पूरी तरह से सुविधाएं देने की मांग की। शिष्टमंडल ने मंत्री को मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने मांग की यहां पर ब्लड बैंक नहीं है। इसलिए ब्लड बैंक जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए। वहीं जिला अस्पताल के पास ही पशु चिकित्सालय है, जिसका स्थानीय लोगों को कोई लाभ नहीं है।
इसे जिला अस्पताल को सौंपा जाए। इससे जिला अस्पताल अच्छा बन सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री चौधरी लाल सिंह ने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि इस अस्पताल को पूरी तरह से अब जिला अस्पताल बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो कमियां हैं वह जल्द दूर की जाएंगी। इस अवसर पर स्थानीय विधायक डा. देवेन्द्र कुमार मन्याल, सीएमओ डा. करतार चंद सहित अन्य लोग मौजूद थे।