अनंतनाग के बाद अवंतीपोरा में आतंकी हमला, दिन में दूसरी बार दहशतगर्दों ने की नापाक हरकत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा इलाके में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया है, जिसकी पहचान 40वीं बटालियन के पाटिल पद्माकर के रूप में हुई है। जवान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। आतंकियों की तलाश में सुरक्षाबलों की ओर से अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं दूसरा हमला पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में हुआ। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अवंतीपोरा के कदलबल में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के जवानो पर आतंकियों ने फायरिंग की, जिसका जवानों द्वारा भी जवाब दिया गया। इसके बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। इस हमले में किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है। हालांकि पुलिस ने अवंतीपोरा में किसी भी हमले को नकारा है। उनके अनुसार सब सामान्य है और कोई हमला नहीं हुआ है।
बता दें कि आतंकियों ने बिजबिहाड़ा में जिस स्थान पर ग्रेनेड हमला किया वहां से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन रैली कर रहे हैं। डीडीसी चुनावों में घाटी के लोगों का हुजूम देख आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। लोगों में खौफ उत्पन्न करने और माहौल खराब करने के लिए लगातार इस तरह की वारदात को अंजाम देने की नापाक कोशिशें की जा रही हैं।
इससे पहले शनिवार को बारामुला के सोपोर में ग्रेनेड हमला हुआ था। हमले में दो नागरिक घायल हो गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार शाम सोपोर शहर में पुलिस पोस्ट को आतंकियों ने निशाना बनाया, हालांकि निशाना चूक गया और सड़क पर विस्फोट हो गया। इससे पहले पट्टन ग्रेनेड हमले में छह नागरिक घायल हुए थे।
अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गुरुवार को मुठभेड़ हुई। इस दौरान घायल अवस्था में एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने अनंतनाग जिले के बाबा गुंद खलील इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था।
इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग करनी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में एक आतंकवादी को गिरफ्तार किया गया है, उसके पेट में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार किए गए आतंकवादी की पहचान जहीर अब्बास के तौर पर हुई है, जो पुलवामा जिले का रहने वाला है।