सरकार की एक और पहल: जम्मू-कश्मीर में निवेश के लिए अब ऑनलाइन दे सकेंगे प्रस्ताव, आज शुरू होगा पोर्टल
पोर्टल के शुभारंभ का कार्यक्रम दोपहर तीन बजे प्रस्तावित है। दिल्ली में अमित शाह के साथ वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह होंगे। श्रीनगर से उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्य सचिव डॉ. अरुण मेहता व अन्य प्रशासनिक अधिकारी जुड़ेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए सरकार एक और पहल कर रही है। उद्यमी विदेश से भी अब जम्मू-कश्मीर में निवेश के लिए प्रस्ताव भेज सकेंगे। नई औद्योगिक नीति के तहत इसके लिए सरकार एक वेब पोर्टल शुरू कर रही है। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को इस पोर्टल का ऑनलाइन शुभारंभ करेंगे। देश-विदेश के उद्यमियों के लिए सरकार यह सुविधा शुरू कर रही है ताकि औद्योगिक विकास से वंचित रहा जम्मू-कश्मीर अन्य राज्यों के साथ कदम बढ़ा सके। अनुच्छेद 370 की वजह से यहां औद्योगिक घराने निवेश करने से कतराते थे। अब यहां देशभर के औद्योगिक घराने निवेश के लिए बेहिचक आ सकेंगे।
नई औद्योगिक नीति से सरकार को उम्मीद है कि इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास रफ्तार पकड़ेगा। उद्योग के साथ-साथ शिक्षा, चिकित्सा, सेवा क्षेत्र में भारी निवेश होगा। अब तक नामी गिरामी घरानों से 25 हजार करोड़ के प्रस्ताव मिल चुके हैं। अगले कुछ वर्षों में 50 हजार करोड़ के निवेश का अनुमान है।
इसके साथ ही पांच लाख से अधिक लोगों को रोजगार भी मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया है। सार्वजनिक निजी साझेदारी और निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है। नीति के अनुसार दूरदराज के इलाकों में भी उद्योग स्थापित करने के लिए विशेष प्रबंध किया गया है। सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राजधानी दिल्ली से पोर्टल शुभारंभ करने का उद्देश्य यह है कि इसका संदेश दूर तक जाए। लोग इसकी गंभीरता को समझें।
जम्मू-कश्मीर नई औद्योगिक नीति के तहत इकाइयों के पंजीकरण के लिए 31 अगस्त को वेब पोर्टल शुरू होगा। इसका शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इस वेब पोर्टल के शुरू हो जाने से नई केंद्रीय नीति के तहत इकाई लगाने के इच्छुक लोगों को काफी सहूलियतें मिलेंगी।- डॉ. जितेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री