जम्मू रेलवे स्टेशन पर सीबीआई का छापा, जीएसटी से बचने के लिए बिल में हेराफेरी का मामला
- वस्तुओं का दाम 50 हजार रुपये से कम दर्शाकर की जा रही थी कर चोरी।
- सरकारी खजाने को करोड़ों का चूना, जांच टीम ने दस्तावेज जब्त किए।
- कुछ व्यापारियों की रेलवे अफसरों से मिलीभगत की आशंका।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ट्रेन से आ रहे सामान में जीएसटी से बचने के लिए बड़ी हेराफेरी सामने आई है। सीबीआई, रेलवे विजिलेंस और जीएसटी से जुड़ी एजेंसी की टीमों ने जम्मू रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रुप से छापा मारकर दस्तावेज बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लाखों के सामान का बिल 50 हजार रुपये से कम दर्शाकर सरकारी खजाने को चूना लगाया जा रहा था। इसमें व्यापारियों और रेलवे के अफसरों की मिलीभगत की भी आशंका है। सीबीआई दस्तावेजों की पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार जीएसटी से बचने के लिए बिल में हेराफेरी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसे लेकर सीबीआई, रेलवे विजिलेंस और जीएसटी कमिश्नरी की टीम ने शुक्रवार को जम्मू रेलवे स्टेशन पर छापा मारा। सूचना थी कि ट्रेन सेवा के माध्यम से लाए जाने वाले सामान में यह हेराफेरी की जा रही है।
कई वस्तुओं का असल दाम 100 रुपये है लेकिन उसका एमआरपी 40 रुपये या उससे कम दर्शाया जा रहा है। रेलवे के जरिए 50 हजार रुपये मूल्य तक की माल ढुलाई पर जीएसटी नहीं लगता। इसी का फायदा उठाने के लिए वस्तुओं के बिल की राशि में हेराफेरी की जा रही है। हेराफेरी से हर माह सरकारी खजाने को करोड़ों की चपत लगाई जा रही है।
सौंदर्य प्रसाधन, रेडिमेड, इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान की जांच...
जांच टीम ने छह ट्रेनों का गहन निरीक्षण करते हुए सौंदर्य प्रसाधन, रेडिमेड कपड़ों, होजरी, इलेक्ट्रॉनिक्स समेत कई अन्य तरह का सामान जांचा गया। कई उत्पादों के बिल में लाखों का सामान 50 हजार रुपये या उससे कम दर्शाया गया है।
व्यापारियों समेत अफसरों के भी आ सकते हैं नाम...
जांच टीम ने ट्रेनों में आने वाले बड़े स्तर के सामान के दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं। पड़ताल के बाद संबंधित व्यापारियों को तलब किया जाएगा। पूरा हिसाब देने पर ही सामान जारी किया जाएगा। सीबीआई के एक अफसर का कहना है कि रेलवे के बड़े स्तर पर अफसर और कर्मी इसमें शामिल हो सकते हैं। कई कारोबारी और व्यापारियों के नाम सामने आ सकते हैं।