J&K: श्रीनगर में ताबड़तोड़ 5 हमले, 4 सीआरपीएफ जवान और 2 नागरिक घायल, जैश ने ली जिम्मेदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घाटी में शुक्रवार को लगातार छह हमलों के बाद आतंकियों ने शनिवार की शाम श्रीनगर में कुछ ही घंटों के अंतराल में ताबड़तोड़ पांच घटनाओं को अंजाम दिया। इसमें सीआरपीएफ के चार जवान व एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। ताबड़तोड़ घटनाओं से दहशत है। घटना के बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
पहली घटना में आतंकियों ने श्रीनगर शहर के फतेहकदल इलाके में सुरक्षा बलों पर ग्रेनेड हमला किया। शुक्रवार को पत्थरबाजी के दौरान घायल युवक कैसर भट की मौत के बाद शनिवार को हिंसा भड़कने पर फतेहकदल इलाके में भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। शाम को आतंकियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड दागा। इसके फटने से तीन जवान व एक महिला घायल हो गई। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना लाल चौक इलाके की बडशाह ब्रिज इलाके की है। यहां आतंकियों ने सीआरपीएफ पार्टी पर ग्रेनेड हमला किया। इसमें एक जवान समेत दो लोगों के मामूली रूप से घायल होने की सूचना है।
जैश ने ली जिम्मेदारी
तीसरी घटना में आतंकियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को निशाना बनाया। ग्रेनेड पीसीआर के पीछे वाले मगरमाल बाग इलाके से दागा गया। हालांकि, इस हमले में कोई नुकसान नहीं हुआ। चौथी घटना बटमालू इलाके की है। यहां आतंकियों ने मोमिनाबाद में सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड दागा।
ग्रेनेड कुछ दूरी पर गिरकर फटा, जिससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। पांचवीं घटना हरि सिंह स्ट्रीट की है। यहां भी आतंकियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड फेंका। हालांकि, इस घटना में भी किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ने श्रीनगर में हुए दो हमलों की जिम्मेदारी ली है। जैश प्रवक्ता के अनुसार फतेहकदल तथा बडशाह चौक पर हमले जैश आतंकियों ने किए हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी आतंकी के घर को जलाने की कोशिश सुरक्षा बलों ने की तो सैन्य कैंपों को आग लगा दी जाएगी।