अमन के दुश्मनों की खैर नहीं, सुरक्षाबलों पर पेट्रोल बम फेंकने वाले पांच अराजकतत्व गिरफ्तार
घाटी में अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की कार्रवाई जारी है। श्रीनगर पुलिस ने मंगलवार को पांच अराजकतत्वों को गिरफ्तार किया है। यह सभी घाटी में पुलिस और सुरक्षबलों पर पेट्रोल बम से हमले करने में शामिल रहे हैं। इतना ही नहीं आरोपियों ने इलाके के लोगों को कई बार धमकाया भी है। पुलिस ने यह कार्रवाई श्रीनगर के डाउनटाउन इलाके में की है।
इससे पहले जम्मू कश्मीर के बारामुला में दुकानों को आग लगाने के मामले में पुलिस ने आज चार लोगों को गिरफ्तार किया। एसएसपी अब्दुल कयूम ने बताया कि अभियुक्त की पहचान मारूफ, आदिल, बिलाल और समीर के रूप में हुई है।
वहीं किश्तवाड़ पुलिस ने आज एक आतंकी को गिरफ्तार किया। आतंकी की पहचान तारिक हुसैन वानी पुत्र मोहम्मद अमीन वानी निवासी मोहल्ला डच्चन के रूप में हुई है। 17 आरआर, सीआरपीएफ की 52वीं बटालियन और प्रदेश पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर सोमवार देर रात आतंकी को पकड़ने में सफलता पाई।
यह आतंकी 14 नवंबर को आतंकी संगठन हिजबुल में शामिल हुआ था। आतंकी के पास से एक राइफल, एक मैगजीन, 64 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस और सुरक्षाबलों को मिली इस सफलता के बाद संभावना जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे भी हो सकते हैं।
घाटी के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की रची जा रही साजिश
बता दें कि घाटी के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की भरपूर साजिशें रची जा रही हैं, कुछ शरारती तत्व लगातार ऐसे प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार की रात श्रीनगर के रेजिडेंसी रोड स्थित बाजार में कुछ दुकानों को आग लगाने की कोशिश की गई लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते इसे विफल कर दिया गया। शहर में इस तरह की रहस्यमय घटनाओं की कड़ी में यह नई घटना है।
अधिकारियों को अंदेशा है कि शरारती तत्व उन दुकानदारों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं जिन्होंने अनुच्छेद 370 हटाए जाने के विरोध में अघोषित बंद का पालन नहीं किया। रविवार को देर रात रेजिडेंसी रोड स्थित लैंबर्ट लेन बाजार की कुछ दुकानों पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर उन्हें आग के हवाले करने की कोशिश की गई। लेकिन सचेत नागरिकों की सूझबूझ के चलते यह प्रयास विफल रहा।