सीमा पार से फेंकी गई डेढ़ किलो हेरोइन बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये
पुंछ जिले में मेंढर पुलिस ने गुरुवार को बालाकोट सेक्टर के बसूनी, धराटी और डब्बी क्षेत्र में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पत्थरों के नीचे छुपा कर रखी डेढ़ किलो हेरोइन के तीन पैकेट बरामद किए हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है। हेरोइन के पैकेट जिस पॉलिथिन में रखे हुए थे, उस पर लाहौर की एक दुकान का पता लिखा हुआ है। मेंढर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सीमा पार से फेंकी गए हेरोइन के पैकेट
जानकारी के अनुसार मेंढर पुलिस को पिछले कुछ दिनों से नियंत्रण रेखा के आसपास नशा तस्करों के चक्कर लगाने की सूचनाएं मिल रही थीं। वीरवार को एसडीपीओ मेंढर नीरज पडयार और एसएसओ मेंढर मंजूर कोहली की अगुवाई में बालाकोट के बसूनी, धराटी और डब्बी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया।
इस दौरान डब्बी क्षेत्र में नियंत्रण रेखा से कुछ दूरी पर पत्थरों के नीचे दबाकर रखे तीन पॉलीथिन के पैकेट बरामद हुए, जिनकी जांच करने पर उनमें हेरोइन बरामद हुई। आशंका जताई जा रही है कि यह हेरोइन के पैकेट सीमा पार से फेंके गए होंगे। जिसे इस तरफ मौजूद पाकिस्तानी एजेंट अथवा नशा तस्करों ने आगे सप्लाई किया करना था। गौरतलब है कि जिले में नियंत्रण रेखा के उस पार से पहले भी कई बार ड्रग्स और हथियारों को इस तरफ गिराने अथवा छुपाकर रखने के मामले सामने आते रहे हैं।
उधर, पाकिस्तानी गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ की आशंका पर पुलिस और सीआरपीएफ ने निगरानी कड़ी कर दी है। गुरुवार को जवानों ने कटड़ा में देवस्थल बाबा धनसर के साथ ही गांव कनका दबर आदि में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जवानों ने विलेज डिफेंस कमेटी के सदस्यों के साथ ही ग्रामीणों से बातचीत की और पूरी तरह से सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध को देखे जाने के साथ ही पुलिस को सूचित करने की अपील की। नशे के सौदागरों पर विशेष नजर रखने को कहा।