कश्मीर में 17वें दिन भी कर्फ्यू जारी, अलगाववादियों ने 29 तक बंद बढ़ाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घाटी के पांच जिलों में कर्फ्यू अब भी जारी है। इसके साथ ही श्रीनगर के आठ थाना क्षेत्रों में भी कर्फ्यू है। कुलगाम जिले यारीपोरा थाने पर भीड़ के हमले में घायल एक पुलिसकर्मी की रविवार को मौत हो गई। इस बीच अलगाववादियों ने 29 जुलाई तक बंद बढ़ा दिया है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को भीड़ ने कुलगाम जिले के यारीपोरा थाने पर हमला कर दिया था। पथराव के दौरान ही भीड़ में से आतंकियों ने पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड फेंका, जिसमें कांस्टेबल मुदासिर अहमद सहित छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।
रविवार को मुदासिर की अस्पताल में मौत हो गई। उधर, दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग, कुलगाम, कुपवाड़ा, पुलवामा तथा शोपियां जिले में कर्फ्यू जारी है। बांदीपोरा, बारामुला, बडगाम तथा गांदरबल से शनिवार को ही कर्फ्यू हटा लिया गया था।
पांच जिलों और श्रीनगर के आठ थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू
हालांकि, यहां चार या चार से अधिक लोगों के एकत्र होने पर पाबंदी रहेगी। घाटी में मोबाइल, इंटरनेट तथा रेल सेवा ठप है। उक्त सेवाएं लगातार 16 दिनों से बंद रहने की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
इस बीच अलगाववादियों ने 29 जुलाई तक बंद बढ़ा दिया है। पहले 25 जुलाई तक बंद का आह्वान किया गया था। अब 26 जुलाई को दोपहर दो बजे तक बंद और रात आठ से नौ बजे तक ब्लैक आउट रहेगा। 27 जुलाई को बंद और कुलगाम चलो का आह्वान किया गया है।
28 जुलाई को बंद के साथ ही सभी स्थानों पर प्रदर्शन किया जाएगा। 29 जुलाई को जामिया मस्जिद श्रीनगर चलो का नारा दिया गया है। सोमवार को अनंतनाग चलो मार्च के आह्वान के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीआरपीएफ तथा पुलिसकर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।