जम्मू। गणेश चतुर्थी का पर्व आज से शुरू होगा जो 12 सितंबर तक चलेगा। आज लोग अपने घरों में गणपति बप्पा की प्रतिमा को रीति-रिवाज के साथ स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू करेंगे। गणेश चतुर्थी को लेकर शहर भर में उत्साह का माहौल है। मंदिरों के लेकर सार्वजनिक स्थलों पर पंडाल बनाए हैं, जिनमें बप्पा की मूर्तियों को स्थापित किया गया है। आज से 12 सितंबर तक शहर गणपति बप्पा मोरेया के जयघोषों से गूंज उठेगा।
गणेश चतुर्थी पर गांधीनगर स्थिति श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में मुख्य कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। मंदिर परिसर में विशाल पंडाल बनाया गया है, जहां बप्पा की 16 फीट ऊंची मूर्ति को स्थापित किया गया है। पंडाल में रंग-बिरंगे फूलों और लाइटों से सजाया गया है। देर रात तक पंडाल की सजावट का काम चल हुआ था, सोमवार यानी आज दोपहर करीब 12 बजे मंदिर परिसर में कार्यक्रम होगा, इसमें बप्पा की मूर्ति का अनावरण किया जाएगा और पूजा-अर्चना होगी। रात 7:30 पर बप्पा की आरती उतारी जाएगी। इसके बाद बाहरी राज्यों से पहुंचे कलाकार धार्मिक कार्यक्रमों पर प्रस्तुतियां देंगे। 12 सितंबर तक कार्यक्रम चलता रहेगा। वहीं रविवार को बप्पा की मूर्तियों की जमकर खरीददारी की गई। शहर के विभिन्न इलाकों में लगे स्टाल से छोटी बड़ी मूर्तियाें की खरीददारी की गई। गांधीनगर रोड में मूर्ति बेचने वाले मुकेश ने बताया कि पिछले कुछ दिनों की तुलना में आज सबसे अधिक मूर्तियों की बिक्री हुई है।