सांबा। जिला पुलिस की तरफ से बुधवार को पुलिस लाइन में राष्ट्रीय पुलिस दिवस मनाया गया। जिन्होंने कर्तव्य की पंक्ति में अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन पुलिस शहीदों की याद में पुलिस परेड आयोजित की गई। एसएसपी राजेश शर्मा ने देश भर में मातृभूमि के लिए शहादत पाने वाले सभी पुलिस शहीदों को नमन किया और राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता को बनाए रखते हुए उनके बलिदान के लिए उन्हें याद किया।
एसएसपी के साथ सिविल अधिकारी, पुलिस, सुरक्षा बलों, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों, पुलिस शहीदों के परिवारों और सांबा के प्रमुख नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुलिस शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। बाद में एसएसपी ने शहीदों के परिजनों के साथ बातचीत की। उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस शहीदों के परिजनों ने जिला पुलिस लाइन में पुलिस शहीद गैलरी का दौरा किया। राष्ट्रीय पुलिस दिवस पर पुलिस शहीदों के परिवारों के बीच उपहार भी वितरित किए गए। अंत में पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया, जिसमें प्रत्येक शहीद के नाम पर परिवार के सदस्यों द्वारा पौधे लगाए गए।