आरएस पुरा। पाकिस्तानी मंसूबों को नाकामयाब करते हुए कश्मीर के उड़ी सेक्टर में वर्ष 2020 में शहीद हुए सेना के जवान शुभम शर्मा को उसके पैतृक गांव चक शेखे में श्रद्धांजलि देकर याद किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री चौधरी श्याम लाल, डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा, महंत राजेश बिट्टू सहित शहीद के परिजन व क्षेत्र के कई लोगों ने शहीद के चित्र पर फूलमालाएं अर्पित कीं।
इससे पहले सेना की चार मद्रास रेजिमेंट के जवानों ने शहीद को सलामी दी। पूर्व मंत्री ने कहा कि शहीद शुभम शर्मा के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। जो लोग देश की रक्षा करते शहीद हो जाते हैं वह सदा के लिए अमर हो जाते हैं। डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि सारा देश हमेशा शहीदों का कर्जदार रहेगा जिन्होंने अपने प्राणों का बलिदान देकर माता-पिता व क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस दौरान सरपंच सुरजीत चौधरी, गुरदीप सिंह सैनी, बीडीसी अध्यक्ष तरसेम लाल, एसडीपीओ शब्बीर अहमद खान, थाना प्रभारी जयपाल शर्मा सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे।