आतंकवादी समझ जवान ने चला दी गोलियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कठुआ जिले की बिलावर तहसील के मल्हार गांव में सुबह तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट ने दहशत फैला दी। आतंकी हमला सोचकर सभी लोग घरों में दुबक गए।
करीब आधा घंटा बाद फायरिंग बंद होने पर पता चला कि गांव स्थित सीआरपीएफ की पोस्ट पर संदिग्ध दिखने की सूचना पर गलती से एक जवान ने फायरिंग कर दी।
अन्य जवानों ने समझा कि आतंकी हमला हो गया। उन्होंने भी फायरिंग शुरू कर दी। इसी में एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। घायल जवान को हेलीकाप्टर से इलाज के लिए जम्मू लाया गया।
जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे सीआरपीएफ के एडीजीपी सुरेंद्र भगत एवं स्थिति का जायजा लिया। कुछ देर बाद ही स्पष्ट हो गया कि सुबह एक जवान ने कोई संदिग्ध हलचल देखने पर गलती से फायर कर दिया था।
सीआरपीएफ ने किसी भी प्रकार के आतंकी हमले से इंकार किया है। मौके पर पहुंचे एडीजीपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। डीआईजी जम्मू-कठुआ रेंज (रियासत पुलिस) अशकूर वानी और सीआरपीएफ के पीआरओ स्वर्ण सिंह का कहना है कि सीआरपीएफ पोस्ट पर कोई आतंकी हमला नहीं हुआ।
50 राउंड फायरिंग
दुर्घटनावश फायरिंग हुई है, इसमें एक जवान घायल हुआ है। सूत्रों की मानें तो करीब 50 राउंड फायरिंग हुई। जिला पुलिस उपायुक्त नीवा जैन का कहना है कि पटाखों की आवाज को आतंकी हमला समझकर सीआरपीएफ के जवानों ने जवाबी फायरिंग की।
इसमें उनका अपना ही एक जवान घायल हो गया। अलबत्ता स्थानीय पुलिस ने भी मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। विजयपुर पुलिस स्टेशन अंतर्गत गुड़ा सलाथिया इलाके में संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली में दो युवक घायल हो गए।
दोनों युवकों को पहले विजयपुर के अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां से उन्हें अमृतसर के लिए रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के रहने वाले साहिल सिंह और सन्नी सिंह जंगल में गए हुए थे।
यहां उनको संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई। विजयपुर अस्पताल के एमएलसी के मुताबिक दोनों को बुलेट इंजरी है। सांबा के एसएसपी जोगिंदर सिंह का कहना है कि इस घटना की जानकारी उनकी संज्ञान में है, लेकिन लिखित शिकायत कोई नहीं है।