जम्मू में एक ही दिन में छह की हुई अकाल मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सतवारी थाना के अंतर्गत रायपुर सतवारी, चट्ठा इलाके में सोमवार तड़के घर के बाहर छात्र मृत मिला। परिवार के सदस्यों ने देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसके बारे में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तो छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में पहुंचा दिया। चट्ठा चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार रैणा के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि रायपुर सतवारी, चट्ठा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो चट्ठा निवासी आकाश शर्मा (28) मृत हालत में पड़ा हुआ था। परिवार के सदस्य विलाप कर रहे थे। पिता सतपाल शर्मा सिविल डिफेंस विभाग से रिटायर्ड हैं।
आकाश कंप्यूटर का प्रशिक्षण हासिल कर रहा था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर की गई छानबीन में यह सामने आ रहा है कि आकाश रात के अंधेरे में गिरा होगा और इससे उसके शरीर में गहरी चोट लग गई, जिससे वह बेहोश हो गया और सुबह उपचार न मिलने पर उसकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी में भेज दिया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत
जानीपुर थाना के अंतर्गत पंपोश कालोनी में रहने वाली एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में सोमवार को मौत हो गई। परिवार के सदस्यों ने युवती को पहले सरवाल अस्पताल में दाखिल करवाया था।
वहां से जीएमसी अस्पताल लाया गया, लेकिन जीएमसी में इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और शरीर से लिए सैंपल एफएसएल में जांच के लिए भेज दिए हैं।
बताया जा रहा है कि जहर निगलने से युवती की मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक जानीपुर में सपना (30) ने अपने निवास स्थान पर कोई जहरीली चीज निगल ली।
सोमवार तड़के सपना की हालत खराब हो गई। उलटियां आने लगीं, जो कि बंद होने का नाम नहीं ले रही थी। सपना के सिर से पिता का साया वर्षों पहले छिन चुका है।
वह अपनी मां के साथ रहती थी। बड़ा भाई किसी कंपनी में राज्य से बाहर रहता है। मां ने सपना को रिश्तेदारों की मदद से पहले सरवाल अस्पताल में दाखिल करवाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने सपना की हालत गंभीर होती देख जीएमसी रेफर कर दिया। यहां जीएमसी में सपना ने 11 बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने सपना के शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिवार को सौंप दिया। इसके साथ मामला दर्ज करके छानबीन को आगे बढ़ाते हुए सपना के शरीर से लिए सैंपल को जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है।
मृत मिला बुजुर्ग
बाड़ी ब्राह्मणा थाना के अंतर्गत बाड़ी ब्राह्मणा इलाके में सोमवार की रात को एक अज्ञात बुजुर्ग (60) मृत मिला। राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी तो पुलिस ने शव को जीएमसी के शवगृह में रखवा दिया है।
वहीं, सिटी थाना के अंतर्गत रामेश्वर मंदिर के बाहर सोमवार को एक बाबा मृत मिला। लोगों के बताने के बाद पुलिस ने अज्ञात बाबा (50) को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने लोगों से मृतक की पहचान करवाई, लेकिन सभी ने उसके मंदिर के आसपास बैठे देखे जाने की बात कही। उधर, बिलावर की रहने वाले एक युवती की जहर निगलने से सोमवार को इलाज के दौरान जीएमसी में मौत हो गई।
पुलिस ने सुनीता देवी (25) के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है। तो वहीं, जानीपुर पुलिस स्टेशन अंतर्गत एक बुजुर्ग महिला की देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
मृतक महिला संतोष (75) न्यू प्लाट की रहने वाली थी। सोमवार उसे देर शाम किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसके बाद महिला को सरवाल अस्पताल ले जाया गया। यहां से उसे जीएमसी रेफर किया गया। जीएमसी में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।