तहकीकात : वजीर के हत्यारों की तलाश में जम्मू और अमृतसर में छापे, कई जगह दबिश
डॉक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम, सीसीटीवी फुटेज में हरप्रीत व हरमीत की फ्लैट में मौजूदगी मिली। बेटे के कनाडा से पहुंचने के बाद लेडी हार्डिंग अस्पताल में किया गया नेकां नेता के शव का पोस्टमार्टम।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेशनल कांफ्रेंस के पूर्व एमएलसी त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या में शामिल दो संदिग्धों हरप्रीत सिंह और हरमीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा टीम ने जम्मू और अमृतसर में शुक्रवार को छापे मारे। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो टीमें जम्मू और एक टीम अमृतसर में है। कुछ टीमें दिल्ली में भी जांच कर रही हैं। अब तक की जांच में खुलासा हो गया है कि हरप्रीत ने अपने दोस्त हरमीत के साथ मिलकर त्रिलोचन सिंह की हत्या की है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के मुताबिक, कनाडा से बेटे करण के दिल्ली पहुंचने के बाद शुक्रवार शाम लेडी हार्डिंग अस्पताल में त्रिलोचन सिंह के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, क्राइम ब्रांच की एक टीम ने घटनास्थल पर जाकर छानबीन की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। इसमें आरोपी हरप्रीत सिंह और हरमीत दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद से ही दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए जम्मू, अमृतसर के अलावा दिल्ली में कई जगहों पर दबिश दे रही है।
हरप्रीत की गर्लफ्रेंड से होगी पूछताछ
क्राइम ब्रांच की टीम हरप्रीत की गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ करेगी। हालांकि स्थानीय मोती नगर थाना पुलिस उसकी गर्लफ्रेंड से पूछताछ कर चुकी है। मोती नगर थाना पुलिस की पूछताछ में हरप्रीत की गर्लफ्रेंड ने बताया कि हरप्रीत के पास उसका कुछ सामान था। वह इसे लेने के लिए आई थी। उसने बताया कि हरप्रीत के जाने के बाद उसकी कोई बातचीत नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों के फोन कॉल डिटेल के जरिये इस बात का पता लगा रही है कि घटना से पहले और बाद में उनकी किन लोगों से बात हुई है। हालांकि हत्या किस मकसद से की गई, इसका खुलासा पुलिस अभी तक नहीं कर पाई है।
जुलाई में भी रची थी हत्या की साजिश
सूत्रों ने बताया कि दो टीमें जम्मू, एक अमृतसर तथा कुछ टीमें दिल्ली में आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार जिस फ्लैट में हत्या हुई वह जनवरी में किराए पर लिया गया था। मकान मालिक को बताया गया था कि 10 सितंबर को इसे खाली कर दिया जाएगा। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश जुलाई में रची गई थी, लेकिन उस समय उसे अंजाम नहीं दिया जा सका।
पत्नी से वीडियो कॉल के दौरान हरप्रीत भी वजीर के था साथ
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरप्रीत एक पत्रकार के रूप में वजीर से दिल्ली में मिला था। उसने बताया कि वह एक अखबार तथा वेबसाइट चलाता है जिसका बड़ा पाठक वर्ग है। उसने इंटरव्यू के लिए भी कहा था। इस दौरान उसने वजीर से फ्लैट पर ही रुकने के लिए कहा था। हरप्रीत ने एयरपोर्ट तक छोड़ने के लिए कहा था। बताते हैं कि फ्लाइट पकड़ने से पहले वजीर ने अपनी पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की थी। इस दौरान हरप्रीत भी वजीर के साथ था।
त्रिलोचन सिंह का कातिल फोन पर कबूल कर चुका है वारदात
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या मामले में जिस हरप्रीत सिंह की पुलिस को तलाश है, वह फोन पर उनका कत्ल करने की बात कबूल कर चुका है। त्रिलोचन के कनाडा नहीं पहुंचने पर उनके दोस्त ने हरप्रीत से फोन पर बात की तो उसने उनकी हत्या करने की बात कही। त्रिलोचन सिंह के भाई ने प्राथमिकी में इसका जिक्र किया है। उन्होंने जम्मू के रहने वाले दो लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसएसपी पद से रिटायर त्रिलोचन सिंह के भाई भूपेंदर सिंह ने प्राथमिकी में बताया कि उनके भाई के बच्चे कनाडा में रहते हैं। दो सितंबर को त्रिलोचन कनाडा जाने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। वे जम्मू के रहने वाले हरप्रीत के घर रुके थे। 3 सितंबर को भूपेंदर ने कनाडा फोन किया तो उनकी भाभी ने बताया कि वे फ्लाइट में बैठे ही नहीं। उनकी फ्लाइट 3 सितंबर को है। अगले दिन भतीजे करण ने बताया कि पिता कनाडा नहीं पहुंचे हैं। उसने बताया कि पिता के परिचित हरप्रीत से बात हुई है। हरप्रीत ने कहा कि वह त्रिलोचन सिंह को एयरपोर्ट छोड़कर आया है। उनका फोन दिल्ली में छूट गया है। उसने दावा किया कि त्रिलोचन को जर्मनी के फ्रेंकफर्ट में चार दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया गया है।
भूपेंदर सिंह के मुताबिक, 8 सितंबर को त्रिलोचन सिंह के दोस्त रणजोत सिंह नलवा ने हरप्रीत से फोन पर बात की। हरप्रीत ने नलवा से कहा कि उसने अपने दोस्त हरमीत के साथ मिलकर त्रिलोचन की हत्या कर दी है। भूपेंदर सिंह ने जम्मू के रहने वाले सुदर्शन सिंह और सुरेंदर सिंह काला पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि त्रिलोचन की दोनों से पुरानी रंजिश थी। उन्होंने कई बार उन्हें मरवाने की धमकी दी थी।