अमरनाथ यात्रा पर कोरोना वायरस की मार, पंजीकरण 15 अप्रैल तक स्थगित, जानिए ये अहम बातें
कोरोना वायरस की मार अमरनाथ यात्रा पर भी पड़ गई है। देशव्यापी लॉकडाउन को देखते हुए एक अप्रैल से शुरू होने वाले अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल तक स्थगित कर दिया गया है। बोर्ड की ओर से लॉकडाउन खत्म होने के बाद हालात की समीक्षा कर ही पंजीकरण पर अगला फैसला करेगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक इस साल 23 जून से अमरनाथ यात्रा शुरू होनी है।
अमरनाथ यात्रा के लिए अमूमन मार्च से यात्री पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाती थी लेकिन इस साल इसे एक अप्रैल से शुरू किया जाना था। इस दौरान लॉकडाउन के चलते लोगों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पंजीकरण के लिए बैंक शाखाओं में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिसमें सामाजिक दूरी को भी ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
पिछले साल 3.42 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे
कोरोना वायरस के चलते पूरा स्वास्थ्य विभाग इसकी रोकथाम के उपायों में जुटा हुआ है। यात्रा पंजीकरण के लिए प्रत्येक यात्री को अनिवार्य तौर पर मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाना होता है, जो मान्यता प्राप्त डॉक्टरों द्वारा संबंधित सरकारी अस्पतालों से बनवाया जाता है।
लॉकडाउन की अवधि बढ़ने की स्थिति में पंजीकरण अवधि को आगे किया जा सकता है। इस साल 42 दिन की यात्रा हो रही है, जबकि 2019 में 46 दिन और 2018 में 60 दिन की यात्रा हुई थी। 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन और अनुच्छेद 370 हटाने को लेकर बने हालात में 32 दिन की ही यात्रा हुई थी। पिछले साल 3.42 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे।