Lockdown in Jammu Kashmir: कोरोना के मामले बढ़ने से जम्मू जिले में वीकेंड लॉकडाउन की घोषणा, पढ़ें दिशा-निर्देश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू जिले में रविवार को एक ही दिन में कोरोना के 40 मामले सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने 24 जुलाई से वीकेंड लॉकडाउन की घोषणा की है। अब प्रत्येक सप्ताह शुक्रवार शाम छह बजे से लॉकडाउन शुरू होगा, जो सोमवार सुबह छह बजे तक जारी रहेगा। यानी 60 घंटे तक पूरे जिले में लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान आवागमन पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा।
तेजी से बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए जम्मू जिले की डीसी एवं आपदा प्रबंधन की जिला चेयरमैन सुषमा चौहान ने जिले में 24 जुलाई से वीकेंड लॉकडाउन को लागू करने का आदेश जारी किया है। सीआरपीसी की धारा 144 के तहत अधिकारों का प्रयोग करते हुए जिला उपायुक्त ने 24 जुलाई, शुक्रवार से शाम छह बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक लॉकडाउन का फैसला लिया हैं।
इस दौरान व्यक्तियों, वाहनों और सभी तरह की गतिविधियों की आवाजाही पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। केवल स्वास्थ्य की आपातकालीन जरूरतों को देखते हुए आवाजाही हो पाएगी। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को टिकट दिखाकर आगे जाने की अनुमति होगी।
इसी तरह रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के स्टाफ को पहचान पत्र दिखाकर आने-जाने दिया जाएगा। सरकारी विभागों के आवश्यक सेवाओं वाले विभागों के कर्मचारियों को भी पहचान पत्र दिखाकर आगे जाने दिया जाएगा।
इसके अलावा और कोई कर्फ्यू पास जारी नहीं होगा। पेट्रोल-डीजल, एलपीजी टैंकरों और जरूरी पदार्थों को लेकर जा रहे वाहनों को आवाजाही की अनुमति होगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ेंः चूल्हे के पास पड़ी लाशें देख सिहर उठा पुंछ, अधपकी रोटी और शरीर के चिथड़े बयां कर रहे थे पाक की कायरता
प्रदेश के कई इलाकों में पहले से ही लॉकडाउन
कोरोना के बढ़ते मामले देखते हुए प्रदेश के कई इलाकों में पहले से ही लॉकडाउन है। इसमें राजोरी, विजयपुर और जम्मू के कई इलाकों के साथ ही घाटी में भी लॉकडाउन है। श्रीनगर में 90 जगह लॉकडाउन है। बारामुला में 21 जुलाई तक दो दिनों के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। बांदीपोरा के सुंबल में भी लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
दवा, फल, सब्जी और डेयरी की दुकानें खुली रहेंगी
लॉकडाउन के दौरान दवा की दुकानें, फल, सब्जी तथा डेयरी की दुकानें खुली रहेंगी। लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया है। आदेश में किराना की दुकानें खोलने का जिक्र नहीं है।