जम्मू-कश्मीर: जानिए किस आयु वर्ग में कितनी आबादी को लगी वैक्सीन, साथ ही संक्रमण की रफ्तार पर एक नजर
अब तक 18 से अधिक आयु वर्ग में 6703769 लोगों का टीकाकरण किया गया है, जबकि फ्रंट लाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर और 18 से ऊपर आयु वर्ग में 7413472 आबादी का टीकाकरण किया जा चुका है। इसमें सबसे अधिक जम्मू जिले में 1079030 लोगों को टीकाकरण किया गया है।
विस्तार
जम्मू-कश्मीर में कोविड की तीसरे लहर के खतरे को कम करने के लिए टीकाकरण पर जोर दिया गया है। इसके लिए विभिन्न वर्ग में कोविड टीकाकरण के लक्ष्य को लेकर काम किया जा रहा है। प्रदेश में 18 से अधिक आयु वर्ग में अनुमानित आबादी पर 61.85 फीसदी का टीकाकरण किया जा चुका है। इस वर्ग में अक्तूबर-नवंबर के बीच पहली डोज के लिए सौ फीसदी लोगों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। 45 से अधिक आयु वर्ग में लगभग सौ फीसदी (पहली डोज) के लक्ष्य को हासिल करने का दावा किया गया है।
परिवार कल्याण विभाग के निदेशक डॉ. सलीम उर रहमान का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में केंद्र से पर्याप्त कोविड वैक्सीन उपलब्ध करवाई जा रही है। इसमें 18 से अधिक आयु वर्ग में टीकाकरण पर जोर दिया गया है। वर्तमान में 18 से अधिक आयु और 45 से अधिक आयु वर्ग में दूसरी डोज वैक्सीन भी दी जा रही है। 18 से 44 आयु वर्ग में अनुमानित 60 लाख से ऊपर आबादी का टीकाकरण किया जाना है। इसमें शिक्षण संस्थानों में संकाय, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों का जरूरत के हिसाब से टीकाकरण किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन नागबेरन की कहानी: जनजातीय महिलाओं का शारीरिक उत्पीड़न करते थे आतंकी, दुर्गम इलाके में ऐसे मारे गए
चार जिलों में कोई संक्रमित मामला नहीं
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, कठुआ, रामबन और सांबा जिला में शनिवार को कोई नया कोविड संक्रमित मामला नहीं मिला है। इसी तरह रियासी, पुंछ, राजोरी, शोपियां, कुलगाम, गांदरबल, कुपवाड़ा, पुलवामा, बडगाम और बारामुला प्रत्येक में दस से कम संक्रमित मामले आए हैं। राजधानी श्रीनगर में सर्वाधिक 31 संक्रमित मामले मिले। जम्मू में 13 संक्रमित मामले मिले हैं। डोडा में 13, किश्तवाड़ में 10 मामले मिले। प्रदेश में शनिवार को 144 नए संक्रमित मामले मिले। राहत यह रही कि पिछले चौबीस घंटे में किसी कोविड संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई है। प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में 126 संक्रमित मरीज ठीक भी हुए हैं।