पढ़िए, रियासत में बनी अबतक की सरकारों का लेखा-जोखा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रियासत जम्मू कश्मीर में 30 मार्च 1965 से लेकर अब तक छह बार नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) और तीन बार कांग्रेस सत्ता में रही है। पांच बार राज्यपाल शासन के अधीन रियासत रहा है। एक बार पीडीपी और एक बार जम्मू कश्मीर अवामी नेशनल कांफ्रेंस को सरकार बनाने का मौका मिला है।
30 मार्च 1965 से लेकर 12 दिसंबर 1971 तक जम्मू कश्मीर में कांग्रेस की सरकार रही और गुलाम मोहम्मद सादिक मुख्यमंत्री पद पर रहे। 12 दिसंबर 1971 से 25 फरवरी 1975 तक रियासत में कांग्रेस की सरकार सईद मीर कासिम की अगुवाई में रही।
25 फरवरी 1975 से 26 मार्च 1977 तक नेशनल कांफ्रेंस की सरकार रही। शेख मोहम्मद अब्दुल्ला रियासत के मुख्यमंत्री रहे। 26 मार्च 1977 से नौ जुलाई 1977 तक राज्य में राज्यपाल शासन रहा। नौ जुलाई 1977 से लेकर आठ सितंबर 1982 तक शेख अब्दुल्ला की अगुवाई में फिर नेशनल कांफ्रेंस की सरकार जम्मू कश्मीर में रही।
कश्मीरी पार्टियों का रहा है बोलबाला
आठ सितंबर 1982 से दो जुलाई 1984 तक फारूक अब्दुल्ला की अगुवाई में नेशनल कांफ्रेंस की सरकार रही। दो जुलाई 1984 से लेकर छह मार्च 1986 तक गुलाम मोहम्मद शाह की अगुवाई में जम्मू कश्मीर अवामी नेशनल कांफ्रेंस की सरकार रही। सात नवंबर 1986 से 19 जनवरी 1990 तक फारूक अब्दुल्ला की अगुवाई में नेशनल कांफ्रेंस की सरकार ने रियासत में शासन किया।
19 जनवरी 1990 से नौ अक्तूबर 1996 तक राज्यपाल शासन रहा। नौ अक्तूबर 1996 से 18 अक्तूबर 2002 तक नेशनल कांफ्रेंस की सरकार फारूक अब्दुल्ला की अगुवाई में रही। फिर 18 अक्तूबर 2002 से लेकर दो नवंबर 2002 तक राज्यपाल शासन रहा।
दो नवंबर 2002 से लेकर दो नवंबर 2005 तक मुफ्ती मोहम्मद सईद की अगुवाई में रियासत में पीडीपी और कांग्रेस गठबंधन सरकार रही। दो नवंबर 2005 से 11 जुलाई 2008 तक गुलाम नबी आजाद की अगुवाई में कांग्रेस पीडीपी की गठबंधन सरकार राज्य में रही। 11 जुलाई 2008 से पांच जनवरी 2009 तक राज्यपाल शासन रहा। पांच जनवरी 2009 से लेकर अब तक उमर अब्दुल्ला की अगुवाई में नेकां कांग्रेस की गठबंधन सरकार रियासत में है।
2002 से अब तक गठबंधन सरकारें सत्ता में
जम्मू कश्मीर में साल 2002 से अब तक गठबंधन सरकारों का दौर चल रहा है। दो नवंबर 2002 से 11 जुलाई 2008 तक पीडीपी कांग्रेस की सरकार सत्ता में रही। पांच जनवरी 2009 से नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन सरकार सत्ता में है।