सीएम महबूबा के कड़े तेवर, भ्रष्ट और काम ना करने वाले बर्दाश्त नहीं
- मंत्री बेहतर प्रदर्शन करें नहीं तो जनता सबक सिखा देगी : महबूबा
- मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ की बैठक, मुफ्ती के मिशन को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
- एजेंडा आफ एलायंस का रोड मैप बनाकर गठबंधन सरकार करेगी काम
- भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास मुख्य प्राथमिकता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शपथ ग्रहण के फौरन बाद मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ बैठक में कहा कि बेहतर प्रशासन और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए बेहतर प्रदर्शन करें अन्यथा अगले चुनाव में जनता सबक सिखा देगी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के छह दशक तक राष्ट्रीय और राज्य की सियासत में योगदान को सराहा गया और उनके मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार नए सिरे से कोशिश करेगी कि मुफ्ती साहब के अपूर्ण रहे शांति, विकास और सद्भाव के एजेंडे को पूरा किया जाए। एजेंडा आफ अलायंस का रोड मैप बनाकर गठबंधन सरकार कार्य करेगी। मंत्रियों से कहा कि वह काम पर जुट जाएं। रियासत में भ्रष्टाचार मुक्त शासन के साथ विकास पर आधारित सरकार मुहैया करवाना प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा सरकार से ढेरों अपेक्षाएं हैं और मुख्यमंत्री समेत सभी मंत्रियों की जिम्मेदारी है कि वह आकांक्षाओं पर खरा उतरें। उन्होंने कहा मंत्री अपने को विधानसभा क्षेत्रों तक ही सीमित न रहें। वह रियासत के कोने-कोने में जाएं और लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए काम करें।
भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास मुख्य प्राथमिकता
उन्होंने कहा अच्छी सरकार और विकास से शांति और स्थिरता का माहौल पैदा हो सकता है। मंत्रिमंडल के सदस्यों ने कहा कि मुफ्ती मोहम्मद सईद ने अपने पूरे जीवन में पारदर्शिता व जवाबदेही को उच्च स्थान पर रखते हुए और पूरी ईमानदारी के साथ देश व राज्य के लोगों की सेवा की।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अपने सिद्धांतों को सत्ता से ज्यादा अहमियत देते थे। इसी वजह से पूरे देश में उनका सम्मान था। रियासत के सभी क्षेत्रों के समान विकास और एक दूसरे क्षेत्र के लोगों को करीब लाने में मुफ्ती के योगदान को याद किया गया।
कहा गया कि मुफ्ती की दूरदर्शिता के रास्ते पर चलते हुए ही शांति व सद्भाव लाया जा सकता है। उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि जम्मू कश्मीर के लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री को पूरा सहयोग दिया जाएगा।