जम्मू-कश्मीर में लगातार सीमा पर पाकिस्तान कर रहा गोलाबारी, 10 दिन में तीन जवान शहीद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर में दो दिन शांत रहने के बाद पाकिस्तान ने शुक्रवार को देर शाम साढ़े सात बजे एलओसी पर पलांवाला सेक्टर के बरडोह गांव में गोलाबारी की। इस दौरान बड़े हथियारों का इस्तेमाल किया गया। भारतीय पोस्टों के साथ ही रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया। सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। देर रात तक गोलाबारी जारी रही। फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं है।
उधर राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में की गई गोलाबारी में एक जवान शहीद हो गया। सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ है। उसकी कई पोस्टें तबाह हो गई हैं। साथ ही सैनिकों का भी नुकसान हुआ है।
सैन्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि शहीद जवान की शिनाख्त नायक राजीब थापा (34) के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मेछपारा गांव के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी खुशबू मांगर थापा हैं। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से नौशेरा सेक्टर में सुबह सीजफायर का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी शुरू कर दी गई। कलसियां पोस्ट पर तैनात राजीब थापा गोलाबारी में घायल हो गए। उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट कर सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। गोलाबारी शुरू होते ही कलसियां तथा आस-पास के इलाकों में लोगों में दहशत व्याप्त हो गया।
10 दिन में तीन जवान शहीद
पाकिस्तान 15 अगस्त से लगातार एलओसी पर गोले दागे रहा है। पिछले 10 दिन में तीन जवान शहीद जबकि एक नागरिक की मौत हुई है। चार जवान तथा एक बच्ची घायल हुई हैं। 23 अगस्त को नौशेरा सेक्टर में जवान शहीद हुआ। 20 अगस्त को जिले के मेंढर के मनकोट, कृष्णा घाटी और कीरनी सेक्टर में की गई गोलाबारी में एक जवान शहीद हो गया था, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए थे। एक नागरिक की भी मौत हो गई थी। 18 अगस्त को पुंछ के मनकोट, राजौरी के नौशेरा व जम्मू के पलांवाला सेक्टर में की गई फायरिंग में पुंछ में 10 साल की लड़की घायल हो गई थी। इससे पहले 17 अगस्त को नौशेरा सेक्टर में देहरादून निवासी लांस नायक संदीप थापा शहीद हो गए थे। स्वतंत्रता दिवस पर भी पाकिस्तान की ओर से कृष्णा घाटी सेक्टर में सेना की चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया था।