पाकिस्तान की नापाक हरकत, पुंछ के मनकोट में बरसाए गोले, सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तानी सेना ने रविवार की सुबह मेंढर सब डिवीजन के मनकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घंटों गोलाबारी की। सेना ने भी इस गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया। जानकारी के अनुसार सुबह करीब पांच बजे पाकिस्तानी सेना ने मनकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
पाकिस्तान को सेना के जवानों ने भी उसी क्रम में जवाब दिया। इस गोलाबारी में कहीं पर भी नुकसान की सूचना नहीं है। गौरतलब है कि पाकिस्तानी सेना की तरफ से कई महीने से नियंत्रण रेखा पर लगातार गोलाबारी की जा रही है, जिसका भारतीय सेना माकूल जवाब दे रही है।
इससे पहले शुक्रवार को पुंछ के बालाकोट और राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान सीमा पार से भारी गोलाबारी की गई। जिसमें पांच जवान घायल हो गए। सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को भारी नुकसान हुआ। उसकी कई चौकियां तबाह हुईं।
पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार को सुबह सुंदरबनी सेक्टर में अचानक गोलाबारी शुरू कर दी गई। अग्रिम चौकियों को निशाना बनाए जाने से पांच सैनिक घायल हो गए। इन्हें तत्काल साथियों ने उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, शाम करीब छह बजे पाकिस्तान की ओर से बालाकोट सेक्टर में सीजफायर का उल्लंघन किया गया। मनकोट और बलनोई इलाके में पहले तो सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया गया। इसके बाद पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों में भी गोले दागे।