पाकिस्तान ने शाहपुर-किरनी और कस्बा सेक्टर में किया संघर्षविराम का उल्लंघन, सेना दे रही मुंहतोड़ जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान की नापाक हरकतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आज यानी कि मंगलवार को पाकिस्तानी सेना ने शाहपुर, पुंछ जिले के किरनी और कस्बा सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान सीमा पार से गोलाबारी करते हुए सेना की चौकियों के साथ ही रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया। वहीं भारतीय सेना पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का माकूल जवाब दे रही है।
इससे पहले सोमवार को पाकिस्तानी सेना ने बारामुला जिले के उड़ी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। सीमा पार से भारी गोलाबारी की जा रही है। वहीं भारतीय सेना पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का माकूल जवाब दे रही है।
बता दें कि भारत में घुसपैठ के लिए पीओके में 300 आतंकी तैयार बैठे हैं। इसके लिए पीओके में पाकिस्तानी सेना और आईएसआई ने 16 लांचिंग पैड सक्रिय कर दिए हैं। आतंकियों के घुसपैठ के लिए तैयार रहने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सेना ने नियंत्रण रेखा पर जवानों को अलर्ट कर दिया है। घुसपैठ रोधी दस्ते और आतंकवाद निरोधक बल को और सतर्क रहने को कहा गया है।
सेना की फील्ड इंटेलिजेंस यूनिट को इनपुट मिले हैं कि सीमा पार तैयार बैठे आतंकियों में ज्यादातर हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर-ए-तायैबा के हैं। एलओसी पर नौशेरा और छंब के इलाके में भी लांचिंग पैड सक्रिय किए गए हैं, ताकि आतंकी घुसपैठ करने के बाद उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग की ओर पहुंच सकें।
सूत्रों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर के उस पार लीपा घाटी, अठमुकाम व डुडनियाल के इलाके पर आतंकियों का खास फोकस है। एक अप्रैल को केरन सेक्टर में ही घुसपैठ करने वाले पांच आतंकियों को मारा गया था।
सीमा के हालात की रोज हो रही समीक्षा
15वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बीएस राजू रोजाना एलओसी पर घुसपैठ की स्थिति पर बैठक कर रहे हैं। काउंटर इंफिल्ट्रेशन ग्रिड को मजबूत करने के साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी आतंकी एलओसी पार कर घाटी में दाखिल न हो सके। इस बात का भी ख्याल रखा जा रहा है कि सीमा पार से आतंकियों को धकेलने के लिए की जा रही गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ सफल न होने पाए।