ना'पाक' हरकतः कस्बा और किरनी सेक्टर में किया संघर्षविराम का उल्लंघन, भारी मोर्टार शेलिंग जारी
पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को पुंछ जिले के कस्बा और किरनी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान सीमा पार से भारी गोलाबारी व मोर्टार शेलिंग की गई। भारतीय सेना पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
इससे पहले शनिवार को पाकिस्तानी सेना ने राजोरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। इस दौरान सीमा पार से मोर्टार शेलिंग व फायरिंग की गई थी। वहीं गुरुवार को पुंछ के कृष्णाघाटी सेक्टर में संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। इस दौरान सीमा पार से फायरिंग की गई थी। जिसमें भारतीय सेना का एक जवान घायल हो गया था।
वहीं सूत्रों का कहना है कि आईएसआई की ओर से आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद पर दबाव बनाया जा रहा है कि वे आठ से दस दिन में परगवाल, हीरानगर, पलांवाला, कानाचक, रामगढ़ सेक्टर से घुसपैठ कर किसी भी तरह से हमला करें।
बीएसएफ भी कह चुकी है कि पाकिस्तान घुसपैठ कराने की कोशिश में है
बीएसएफ भी कह चुकी है कि पाकिस्तान घुसपैठ कराने की कोशिश में है। उधर, खुफिया एजेंसियों ने भी सीमांत इलाकों में सक्रिय ओवर ग्राउंड वर्करों पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। बताया कि ग्रामीणों को संपर्क में लिया गया है। उन्हें बॉर्डर पर संदिग्ध हलचल और इलाके में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत जानकारी साझा करने के लिए कहा गया है।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने इंटरनेशनल बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ा दी है। कुछ ही दिनों में धुंध शुरू हो जाएगी। ऐसे में आतंकी धुंध की आड़ में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं। बीएसएफ के आईजी एनएस जम्वाल का कहना है कि पूरे बॉर्डर पर जवान सतर्क हैं।