ओबामा दौरा: सीमा पर 1200 अतिरिक्त जवान तैनात
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा से पहले पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा बड़ा हमला करने की फिराक में है। तीन दिन पहले खुफिया एजेंसियों को इसकी पुख्ता (मैसेज इंटरसेप्ट) सूचना हाथ लगी थी।
इसके चलते गृह मंत्रालय के निर्देश पर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की करीब 12 अतिरिक्त कंपनियां (एक कंपनी में 100 जवान) तैनात कर दी गई हैं। इसके अलावा पाकिस्तान की ओर से सीमा पार से लगातार सीज फायर उल्लंघन की घटनाओं को भी अंजाम दिया जा रहा है।
रविवार को भी पाकिस्तानी रेंजरों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर रामगढ़ और अरनिया सेक्टर में बीएसएफ की चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। दोपहर करीब सवा बजे पाकिस्तान की शौकत पोस्ट से रामगढ़ सेक्टर की माजरा पोस्ट पर ब्रस्ट फायर किए गए। आरपीजी का गोले भी दागे गए।
पाकिस्तान का दुस्साहस नहीं रुका
करीब सवा घंटे बाद अरनिया सेक्टर में करीब ढाई बजे चिनाज पोस्ट पर पाकिस्तान की खनूर पोस्ट से ब्रस्ट फायर किए गए। पाकिस्तान का दुस्साहस यहीं नहीं रुका। करीब एक घंटे बाद साढ़े तीन बजे जरोआल पोस्ट से बीएसएफ की पीतल पोस्ट पर भी गोलाबारी की।
हालांकि, रविवार को बीएसएफ जवानों ने संयम बरतते हुए पाकिस्तानी गोलाबारी का जवाब नहीं दिया। सीमा पर अतिरिक्त जवान तैनात किए जाने के संबंध में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरन रिजिजू का कहना था कि जब भी किसी विशेष अवसर पर किसी भी देश के अध्यक्ष भारत दौरे पर आते हैं तो सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के साथ ही तैनाती भी बढ़ा दी जाती है।