पंजाब में चुनाव के चलते राज्य की जम्मू-कश्मीर से लगने वाली सीमाएं सील
पंजाब में शनिवार को होने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदान होना है। इसके चलते रियासत के बार्डर जिले कठुआ को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पंजाब से जुड़ने वाले सभी लिंक मार्गों को सील कर दिया गया है।
नाकेबंदी करते हुए शराब, नकदी आदि ले जाने और ले आने पर भी पूरी तरह से नजर रखी जा रही है। मतदान के मद्देनजर नगरी, लखनपुर आदि पंजाब से सटे इलाकों में शराब की दुकानें शुक्रवार दोपहर बाद बंद करवा दी गईं। शनिवार शाम पंजाब में मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी। पुलिस ने गश्त भी बढ़ा दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रतिबंधित पदार्थों को पंजाब में ले जाने पर रोक को सुनिश्चित किया जा रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस के सभी नाके अलर्ट पर हैं।
पंजाब चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पंजाब पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि कानून व्यवस्था की स्थिति को सामान्य रखा जा सके। आबकारी विभाग ने भी लखनपुर में नाकेबंदी की हुई है।
पंजाब में कई दिनों से चल रही रैलियों और प्रत्याशियों के डोर टू डोर प्रचार में राजनीतिक दलों ने कठुआ से भी नेताओं की ड्यूटी लगाई र्हुई है। शहर के अधिकतर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशियों को पंजाब में समर्थन दिलाने के लिए डेरा डाले हुए हैं।