श्रीनगर। प्रदूषण मुक्त भारत की अलख जगाने के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक साइकिल रैली निकाली गई है। मध्य कश्मीर रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक राजीव पांडे ने 4,048 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले इस अभियान को वीरवार को लाल चौक से हरी झंडी दिखाई। इसमें महाराष्ट्र के प्रतिभागी शामिल हैं। इनमें दो वरिष्ठ नागरिक भी हैं।
साइकिलिस्ट सतीश जाधव (67) ने कहा कि वह चाहते हैं कि देश का हर नागरिक प्रदूषण मुक्त भारत का नारा बुलंद करे। साइकिल चलाना उनका जुनून है। उन्होंने युवा पीढ़ी से अच्छे स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाने की अपील की। साइकिलिस्ट भानुशाली (64) ने कहा कि अभियान के पीछे का उद्देश्य पृथ्वी को बचाना है। इसके लिए हमें इसे प्रदूषण मुक्त करना होगा। इसके लिए साइकिल एक अच्छी पहल है। हम डल झील में गए, इसे कभी स्वच्छ और सुंदर माना जाता था। यह अभी भी सुंदर है, लेकिन स्वच्छ नहीं है। डीआईजी पांडे ने कहा कि हम कश्मीर से प्रदूषण मुक्त भारत का संदेश देना चाहते हैं। कहा, जब आप फिटनेस की यात्रा शुरू करते हैं, तो नशे आदि से संबंधित अन्य गतिविधियां कम हो जाती हैं। मुझे यकीन है कि न केवल कश्मीर के युवा, बल्कि पूरे देश के लोग इससे प्रेरणा लेंगे।