इंटरनेट बंद करने से युवाओं के व्यवसाय पर बुरा असर : फारूक अब्दुल्ला
नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष और सांसद डा. फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि पीडीपी-बीजेपी की तरफ से बातचीत में बाधा रियासत की आर्थिकी पर असर डालेगी। बदले में युवा बेरोजगार होंगे।
श्रीनगर में कारोबार प्रतिनिधियों से मुलाकात में फारूक ने कहा कि पीडीपी-बीजेपी सरकार में फौज ज्यादती कर रही है। लोग आर्थिक तौर पर भी परेशान हो रहे हैं। इंटरनेट के लगातार बाधित रहने को भी उन्होंने व्यवसाय को प्रभावित करने वाला बताया।
कहा कि खास तौर पर व्यावसायिक क्षेत्र में नए स्टार्ट अप करने वाले युवा परेशान हो रहे हैं। पर्यटन कारोबार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में भी उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ होने वाली ज्यादतियों के खिलाफ हम छात्रों के साथ हैं।
उमर ने किया कई इलाकों का दौरा
नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को जादीबल, हवाल, गिलसार समेत श्रीनगर के कई इलाकों का दौरा किया। कहा कि सरकार की सहानुभूति लोगों के साथ है। कहा कि हाल के चुनाव में पीडीपी को नकारे जाना उसे बर्दाश्त नहीं हो रहा है।
तनवीर ने भी कहा कि पार्टी अपने विरुद्ध वोटिंग का बदला लोगों से ले रही है। कहा कि सत्ता के दुरुपयोग पर खामोश नहीं रहेंगे। एनसी हेडक्वार्टर के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने सरकार पर लोगों को चिन्ह्ति कर निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या और उन पर हमलाें के मामले में भी समयबद्ध जांच की मांग की।