रियासी। उधमपुर-श्रीनगर बारामुला रेल लिंक परियोजना पर टनल नंबर पांच के निर्माण के लिए अनुबंधित कंपनी मैक्स इंफ्रा आई लिमिटेड में मंगलवार को जागरूकता शिविर लगाया गया। लेबर विभाग की तरफ से लगाए गए शिविर में जिला लीगल सर्विसेज अथारिटि के चेयरमैन तथा जिला प्रिंसिपल व सेशन जज कमलेश पंडिता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शिविर के दौरान उनके सहित असिस्टेंट लेबर कमिश्नर प्रदयोत गुप्ता ने कंपनी के मजदूरों को विभिन्न स्कीमों की जानकारी दी। कहा गया कि मजदूर वर्ग के लोगों को अपना कार्ड बनाने के साथ ही विभाग के पास नाम दर्ज करवाना जरूरी है। इसके साथ ही उनके व परिवार के लिए विभाग के पास कई स्कीमें होती हैं, जिनमें काम के समय हुई दुर्घटना में अगर कोई मजदूर घायल होता है या उसकी मौत हो जाती है, तो उसके परिजनों को मुआवजा दिया जाता है। इसके अलावा शादी के लिए भी राशि मुहैया कराई जाती है। कई अन्य स्कीमों का भी मजदूर लाभ उठा सकते हैं। शिविर के दौरान मौके पर मौजूद मजदूरों ने अपने सवालों के जरिये कई प्रकार की जानकारी भी प्राप्त की। इस मौके पर कंपनी के अधिकारीगण भी मौजूद रहे।