कश्मीर के अनंतनाग में लगातार तीसरे दिन आतंकी हमला, सेना के काफिले पर फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर घाटी में लगातार आतंकियों द्वारा सुरक्षाबलों को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं। आतंकियों के दुस्साहस की पराकाष्ठा ये है कि खुद सीएम के गृह क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है।
जानकारी के मुताबिक आतंकियों द्वारा दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित बिजबेहड़ा में सेना के एक काफिले पर रविवार को गोलीबारी की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आतंकी वारदात में अब तक किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद से सुरक्षा एजेंसियों के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। घटना के बाद से इस पूरे इलाके को घेर कर सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों द्वारा गहन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
लगातार आतंक के निशाने पर दक्षिण कश्मीर
लश्कर कमांडर जुनैद मट्ट के मारे जाने से बौखलाए आतंकियों ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी दक्षिणी कश्मीर में सेना और सीआरपीएफ कैंप को निशाना बनाया। आतंकियों ने अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में सिकोप कांप्लेक्स में हमला किया, जहां सेना और सीआरपीएफ के जवान ठहरे हुए हैं।
इसमें किसी प्रकार के नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि कैंप पर किसी प्रकार का हमला नहीं हुआ है। सुबह सीआरपीएफ कैंप के पास फायरिंग की आवाज सुनी गई, जिससे अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
जानकारी के अनुसार सुबह यह खबर आई कि आतंकियों ने सिकोप कांप्लेक्स पर हमला कर दिया है। इसके बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चेबंदी कर ली। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात रोक दिया गया। पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि, इसमें कोई सफलता नहीं मिली।
पुलिस का कहना है कि कैंप पर हमला नहीं हुआ था, बल्कि कहीं अन्यत्र फायरिंग हुई थी। आवाज सुनकर कैंप पर हमले का भ्रम हो गया था। ज्ञात हो कि आतंकियों ने शुक्रवार को अच्छाबल इलाके में पुलिस दल पर हमला किया था जिसमें एक एसएचओ समेत छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। वीरवार को भी आतंकियों ने दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी।