कश्मीरियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी, फसल काटने की दी जाएगी अनुमतिः ले. जनरल ढिल्लों
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरी कमान के लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लों ने कश्मीर के लोगों को कई मामलों को लेकर आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मैं कश्मीरी किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हर संभव सुरक्षा प्रदान की जाएगी। साथ ही उन्हें फसल काटने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कश्मीरियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।
आपको बता दें कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। घाटी में आतंकवादियों को घुसपैठ कराने के लिए वह आए दिन संघर्षविराम का उल्लंघन कर रहा है। इतना ही नहीं पाकिस्तानी सेना रिहायशी इलाकों को निशाना बना रही है। इससे सीमा से सटे इलाकों के किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फसल तैयार हो चुकी है, लेकिन लोग पाकिस्तान की नापाक हरकतों की वजह से भयभीत रहते हैं।
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर जारी बांध निर्माण कार्य को बाधित करने के लिए रेंजरों ने हीरानगर सेक्टर में शनिवार रात को भी गोलाबारी की। मनियारी और सतपाल पोस्ट के बीच बांध बनाने का काम शनिवार शाम शुरू होने के बाद रात 9:35 बजे से रविवार सुबह साढ़े चार बजे तक पाकिस्तान ने गोलाबारी की। 16 सितंबर से पाकिस्तान इस क्षेत्र में लगातार गोलाबारी कर रहा है। दो बार पाकिस्तान ने रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया था। इसमें दो मकानों को नुकसान पहुंचा था।
राज्य सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल ने रविवार को व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, दुकानदारों, होटल मालिकों और ठेकेदारों से आतंकवादियों एवं अलगाववादियों की किसी भी धमकी से नहीं डरने और सामान्य ढंग से अपना कामकाज करने की अपील की। कंसल ने कहा कि यह सर्वविदित है कि राज्य में भय एवं आतंक का माहौल बनाने व आतंकवाद को बढ़ावा देने की सीमापार से निरंतर कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी संगठन व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों को सामान्य कामकाज से रोकने के लिए लोगों को लगातार आतंकित करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार अपने इस संकल्प पर अडिग है कि शांति भंग करने का प्रयास विफल कर दिया जाएगा।