- प्रदान सचिव ने किसानों को बीमा कवरेज का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रधान सचिव शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को प्रदेश के हर जिले में सब्जियों व फूलाें की खेती में उद्यमिता के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शुक्रवार को कृषि निदेशालय जम्मू में बैठक की। कहा कि सभी जिलों में मधुमक्खी पालन बीमा कवरेज का लाभ किसानों को दिया जाए। इससे नुकसान की भरपाई हो सकेगी। कृषि कम्युनिटी एप के माध्यम से जिलावार इकाई ट्रैकिंग को प्राथमिकता दी जाए। किसानों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर दौरों के लिए कैलेंडर विकसित हों। इससे किसान दूसरे प्रदेश और विदेशों में कृषि की उन्नत तकनीक सीख पाएंगे। प्रधान सचिव ने उर्वरक और कीटनाशक लाइसेंसिंग संबंधी मुद्दों, विशेष रूप से कृषि उद्यमियों के सामने आने वाली परेशानी, जिला-स्तरीय प्रवर्तन शाखाओं को मजबूत करने, उर्वरकों की आवाजाही की जीपीएस-आधारित ट्रैकिंग सुनिश्चित करने, कीटनाशक निर्माताओं व खुदरा विक्रेताओं की नियमित निगरानी बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसानों को समग्र कृषि विकास कार्यक्रमों व योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। समग्र कृषि विकास योजना और कैपेक्स परियोजनाओं का काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। सत्र के दौरान विभाग प्रमुखों ने योजना कार्यान्वयन, चुनौतियों और लंबित गतिविधियों में तेजी लाने के लिए रणनीतिक उपायों की जानकारी दी।