परगवाल। सीमा क्षेत्र परगवाल में शनिवार को ग्रामीणों ने ग्रामीण विकास विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी विभाग के खिलाफ लोगों की अनदेखी का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि विभाग उन लोगों को फायदा पहुंचा रहा है जो इसके हकदार नहीं हैं और यह सब विभाग की मिलीभगत से हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण विकास विभाग चुने हुए पंचों को विश्वास में नहीं ले रहा है, जिससे क्षेत्र में बहुत गलत काम हो रहे हैं। इस दौरान उन्होंने विभाग के खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं बीडीओ सौरभ शर्मा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन लोग नारेबाजी करते रहे, जिसके बाद बीडीओ ने किसी तरह लोगों को शांत किया और उनको भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसा नहीं होगा और जिन कामों की लोगों को शिकायत है उनकी समीक्षा की जाएगी। भविष्य में जो भी कामकाज होंगे वह सरपंचों पंचों को भरोसे में लेकर किए जाएंगे, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।