बिश्नाह। कस्बे में किसानों ने फल और सब्जी के मार्केटिंग कार्यालय में विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व किसान नेता सतपाल सिंह चाढ़क और रघुनंदन खजूरिया कर रहे थे। इनके साथ सैकड़ों किसान थे जिन्हें कस्बे में स्थित बाजार में दुकानें अलॉटमेंट होने के बाद भी आज तक दुकान न मिलने पर विरोध जताया।
मंगलवार को किसानों का एक दल फल एवं सब्जी मार्केट में विभाग के अधिकारियों से मिलने आया और उन्हें मिली दुकानों की अलॉटमेंट मांगी तो विभाग का कोई भी अधिकारी उन्हें सही जवाब नहीं दे पाया। किसान गुस्से में आ गए और नारेबाजी करने लगे। इन लोगों को कहना था कि हमने 2013 में दुकानों के लिए विभाग के पास पैसे जमा कराए। हमें अलॉटमेंट भी दी गई, परंतु कहां दुकानें बनानी हैं, आज तक उसका नक्शा नहीं दिया जा रहा है। किसान भटक रहे हैं। हालात यह हैं कि कुछ किसानों की तो मृत्यु भी हो गई है। विभाग इन किसानों को गुमराह कर रहा है। कभी कहता है कि आज हो जाएगा कभी कल हो जाएगा। 8 साल से किसानों को आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिल पाया, जिसके चलते मंगलवार को किसानों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की कि किसानों की तरफ भी ध्यान दिया जाए और 8 साल से दुकानों के लिए धक्के खा रहे किसानों की सुध ली जाए अन्यथा किसान कोई उग्र आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे।