आतंकियों से लोहा लेने को मिली थी बंदूक, सात साल के मासूम को भून दिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले की बुद्धल तहसील के समोट गांव में रविवार को एक वीडीसी सदस्य ने वीडीसी बंदूक से एक सात साल के मासूम और उसकी मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बंदूक जब्त कर ली है।
जानकारी के अनुसार बुद्धल के शाहपुर दीवान क्षेत्र के निवासी मुश्ताक अहमद पुत्र मोहम्मद बशीर ने समोट क्षेत्र की निवासी महिला शमीम अख्तर पत्नी मोहम्मद दीन और उसके बेटे तौहीद अहमद की उनके घर में घुस कर वीडीसी बंदूक से गोली मार कर हमेशा के लिए खामोश कर दिया।
आरोपी वीडीसी सदस्य है और समोट क्षेत्र में ही नाई है। क्षेत्र के लोगों व मृतक के परिवार वालों ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी।
जब लोगों ने घर में पहुंचकर देखा कि रसोई में महिला और उसका बेटा खून में लथपथ पड़े थे। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को कोटरंका के सरकारी उपजिला अस्पताल पहुंचाया। उप जिला अस्पताल के डाक्टर ने दोनों को मृत लाया करार दे दिया।
वहीं एसएसपी राजोरी राजेश्वर सिंह ने बताया कि बुद्धल पुलिस थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी वीडीसी सदस्य को गिरफ्तार कर उसकी बंदूक जब्त कर ली है।
एएसपी राजोरी तेजेंद्र सिंह व फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर भेजकर फिंगर प्रिंट व अन्य सबूत इकट्ठे कर लिए गए हैं। मां और बेटे के शव का पोस्टमार्टम कर परिवार के हवाले कर दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृत महिला का पति विदेश में काम करता है। वह पिछले काफी समय से घर नहीं आया है। उसके एक बेटे की मौत के बाद अब परिवार में एक ही बेटा रह गया है।
नहीं रुक रहा वीडीसी बंदूक का दुरुपयोग
आतंकवादियों से लोहा लेने व आत्मरक्षा के लिए बनाई विलेज डिफेंस कमेटी को जारी की गई बंदूकों का दुरुपयोग हो रहा है। करीब सात दिन पहले भी कालाकोट के केसर गाला क्षेत्र में एक वीडीसी सदस्य सीएपीडी डीलर ने वीडीसी बंदूक से नेकां के युवा नेता की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
एक हफ्ते में वीडीसी बंदूक के दुरुपयोग का यह दूसरा मामला सामने आया है। वीडीसी बंदूक के दुरुपयोग को रोकने के लिए लोग वीडीसी को भंग कर बंदूकें वापस लेने के लिए आवाज उठा रहे हैं।
नेकां युवा नेता की हत्या के बाद भी लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर वीडीसी भंग कर बंदूकें वापस लेने की मांग की थी। प्रदर्शन के बाद एसएसपी व डीसी ने जिले में वीडीसी को लेकर समीक्षा करने की बात भी कही थी।