जम्मू-कश्मीर: जम्मू के चार जिलों में सात महीने में 699 सड़क हादसे, 88 लोगों की मौत
कठुआ, सांबा, राजोरी और पुंछ में जनवरी से जुलाई तक 699 सड़क हादसों में 88 लोगों की मौत और 1,001 लोग घायल हुए।
विस्तार
जम्मू संभाग के कठुआ, सांबा, राजोरी और पुंछ जिलों में इस साल के पहले सात महीनों में सड़क हादसों में 88 लोगों की मौत हुई जबकि 1,001 लोग घायल हुए। इस दौरान कुल 699 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं जिनमें 44 प्रतिशत हादसों में दोपहिया वाहन शामिल रहे।
दोपहिया वाहनों से जुड़े 309 हादसे
ट्रैफिक पुलिस रूरल जम्मू के अनुसार एक जनवरी से 31 जुलाई तक चार जिलों में 309 हादसे दोपहिया वाहनों से जुड़े थे। इनमें 39 हादसे जानलेवा रहे और 384 लोग घायल हुए। 144 हादसे ऐसे थे जिनमें केवल एक दोपहिया वाहन शामिल था। राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुए हादसों में 41 प्रतिशत मामलों में दोपहिया वाहन शामिल थे अन्य सड़कों पर यह आंकड़ा 47 प्रतिशत रहा। हादसों के 27 प्रतिशत पीड़ितों की उम्र 26 वर्ष से कम थी।
8,675 चालान, हेलमेट न पहनने वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
हादसों के आंकड़ों के बाद ट्रैफिक पुलिस ने एक से 14 सितंबर तक चारों जिलों में विशेष जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान कुल 8,675 चालान किए गए। इनमें 5,767 चालान बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों के और 1,152 बिना हेलमेट पीछे बैठने वाले लोगों के थे। ट्रिपल राइडिंग के 1,106 मामले भी सामने आए।
इसके अलावा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने पर 188, खतरनाक ड्राइविंग पर 260 और बिना वैध लाइसेंस वाहन चलाने पर 146 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। तीन नाबालिगों को अवैध रूप से दोपहिया चलाते पाए जाने पर उनके वाहन जब्त किए गए।
267 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ट्रैफिक पुलिस ने स्कूलों, कोचिंग सेंटरों, खेल मैदानों और पुस्तकालयों समेत विभिन्न स्थानों पर 267 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। खासतौर पर युवाओं को सड़क सुरक्षा और मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों की जानकारी दी गई। राजोरी और पुंछ में 'चालान नहीं, सिर्फ काउंसलिंग' अभियान भी चलाया गया। इसके तहत दोपहिया चालकों और अन्य वाहन चालकों से बातचीत कर हेलमेट पहनने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरूक किया गया।
आगे एलएमवी के खिलाफ भी चलेगा अभियान
एसएसपी ट्रैफिक रूरल जम्मू फारूक कैसर ने कहा कि आने वाले दिनों में हल्के मोटर वाहनों (एलएमवी) समेत अन्य श्रेणी के वाहनों को लेकर भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की और कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।