जम्मू-कश्मीरः त्राल और आसपास के इलाके में 60 आतंकी सक्रिय- सेना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिणी कश्मीर के त्राल और आसपास के इलाकों में 60 आतंकी सक्रिय हैं। इनमें 50 स्थानीय जबकि 10 विदेशी हैं। यह जानकारी सेना के सेक्टर एक के कमांडर विजय महादेवन ने दी। हिजबुल कमांडर हम्माद खान समेत तीन आतंकियों को रविवार को मुठभेड़ में मार गिराए जाने के बाद उन्होंने बताया कि हम्माद हिजबुल का त्राल व बारामुला दोनों इलाके का कमांडर था। 2016 से वह आतंकी गतिविधियों में शामिल था।
उसके खिलाफ त्राल में 13 व अवंतीपोरा में तीन मुकदमे दर्ज थे। सुरक्षा बलों पर हमले के साथ ही नागरिकों की हत्या में भी उसका हाथ था। बताया कि इलाके में आतंकियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। आतंकियों की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
वहीं रविवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के त्राल में सेना ने मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकियों को मार गिराया था। इन मारे गए आतंकियों में हिजबुल मुजाहिद्दीन का कमांडर हमाद खान भी शामिल है। सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि त्राल में आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद सेना और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करनी शुरू की। इसी दौरान आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करने से पहले सुरक्षाबलों ने आतंकियों से समर्पण करने की बात कही।
आतंकी हमाद का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी
बावजूद इसके आतंकियों की ओर फायरिंग जारी रही। इस दौरान सेना ने जवाबी कार्रवाई में तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। आतंकी हमाद का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। आतंकी सबजार अहमद भट्ट के मारे जाने के बाद हिजबुल मुजाहिद्दीन ने आतंकी हमाद खान को कश्मीर में आतंकवाद फैलाने की जिम्मेदारी दी थी। साथ ही उसे नया कमांडर बनाया था। आतंकी हमाद त्राल का रहने वाला था। यह आतंकी हिजबुल के पूर्व कमांडर बुरहान वानी के साथ घाटी में आतंक फैलाने का काम कर चुका था।