डोडा: हिमस्खलन की चपेट में आने से बस खाई में गिरी, 4 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बनी से भद्रवाह की ओर आ रही मेटाडोर (जेके08डी/5992) छत्र गल्ला के पास पहुंची थी कि हिमस्खलन की वजह से करीब 1500 फुट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीपीओ भद्रवाह बृजेश कुमार, थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पास में मौजूद बीआरओ के कर्मचारी जो भद्रवाह-बसोहली मार्ग से पस्सियां और बर्फ हटाने के काम में जुटे थे, बचाव कार्य के लिए दौड़े। इसके बाद मेटाडोर में सवार यात्रियों को खाई से बाहर निकालने का काम शुरू कर दिया।
सभी 12 यात्रियों को भद्रवाह अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने चार यात्रियों तारिक हुसैन, मोहम्मद शफी निवासी उदयानपुर, करनैल चंद्र निवासी कास्तीगढ़ डोडा और मूलराज निवासी बनी को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में सपना देवी निवासी बंगाट, शारिक अहमद, सुनीता देवी, अशफाक अहमद निवासी बनी, जावेद अहमद निवासी सरतिंगल, मोहम्मद शफी निवासी कलिहांड, मोहिंद्र कुमार निवासी कास्तीगढ़ और मनोज कुमार निवासी कुठयाडा शामिल हैं। इनमें से पांच की गंभीर हालत देखते हुए हेलीकाप्टर के जरिये जम्मू ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन पत्नीटाप में मौसम खराब होने की वजह से हेलीकाप्टर उपलब्ध नहीं हो सका।
इसके बाद सभी घायलों को डोडा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां से बाद में गंभीर रूप से घायल सपना देवी, शारिक अहमद, सुनीता देवी, अशफाक अहमद और जावेद अहमद को एंबुलेंस के जरिये जम्मू रेफर कर दिया गया।