जम्मूः 30 मीटर की दूरी और भाड़ा 90 लाख...कुछ ऐसे हुआ 260 करोड़ रुपये का राशन घोटाला
त्रिकुटा फ्लोर मिल और एफसीआई के गोदाम में मात्र 30 मीटर दूर माल ढुलाई और ट्रांसपोर्ट के 90 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू संभाग के उधमपुर में हुए 260 करोड़ रुपये के सरकारी राशन घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने पांच जिलों में 15 स्थानों पर एक साथ छापे मारे। ब्यूरो की टीमों ने छापे के दौरान छह लाख रूपये नकद और कई अहम दस्तावेज जब्त किए। घोटाले में एक फ्लोर मिल और सीएपीडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आई है।
उधमपुर में चार अलग-अलग टीमों ने छापा मारा। जांच में सामने आया है कि फ्लोर मिल में 157 ट्रकों से लाया गया गेहूं एफसीआई और एसआरटीसी के रिकॉर्ड में ही नहीं है। जिन नंबर के ट्रकों का इस्तेमाल कर पैसा लिया गया, वे नंबर दो पहिया वाहनों और कारों के हैं। 30 मीटर दूर राशन पहुंचाने के लिए भी ट्रकों का इस्तेमाल किया। ट्रांसपोर्ट, पिसाई और लेबर के नाम करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया।
उधमपुर के पूर्व सहायक निदेशक मुकलिस अली निवासी थन्ना मंडी राजोरी, पूर्व सहायक निदेशक अब्दुल रशीद निवासी बनिहाल रामबन, जोगिंदर सिंह निवासी लोअर रूप नगर जम्मू, रमेश चंद्र निवासी सांबा, पूर्व सुपरवाइजर उधमपुर, त्रिकुटा फ्लोर मिल के रमेश कुमार, सुषमा गुप्ता निवासी उधमपुर, सुशील कुमार निवासी उधमपुर, एफसीआई गोदाम उधमपुर के पूर्व सुपरवाइजर राकेश परगाल, मुबारक मंडी निवासी दीपक अबरोल बुकिंग मैनेजर एसआरटीसी उधमपुर, रमेश कुमार क्लर्क उधमपुर एसआरटीसी डिपो निवासी उधमपुर, त्रिकुटा फ्लोर मिल के मालिक अमित महाजन, निवासी गांधी नगर जम्मू, एसआरटीसी का ठेकेदार परमदीप सिंह निवासी त्रिकुटा नगर के घर पर कार्रवाई कर कई तरह का रिकॉर्ड जब्त किया गया।
30 मीटर की ढुलाई पर 90 लाख का भुगतान
2013 से 2014 तक सीएपीडी ने अपने खाते में 157 ट्रकों से गेहूं आने की जानकारी दी है लेकिन यह ट्रक एफसीआई और एसआरटीसी के खाते में मौजूद ही नहीं हैं। जिन ट्रकों की माल ढुलाई के पैसे लिए गए, वह रिकॉर्ड में नहीं हैं। त्रिकुटा फ्लोर मिल और एफसीआई के गोदाम में मात्र 30 मीटर दूर माल ढुलाई और ट्रांसपोर्ट के 90 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
जोगिंदर सिंह के घर से छह लाख नकद बरामद
उधमपुर में सीएपीडी के पूर्व सहायक निदेशक जोगिंदर सिंह के घर पर छापे के दौरान छह लाख रुपये बरामद किए। बाकी के लोगों के घरों से भी कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।