भयावह तस्वीरः जम्मू संभाग में दो महीने में 200 से अधिक बच्चों की गई जान, उठे कई सवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बच्चों की मौत मामले में राजस्थान और गुजरात से कम भयावह तस्वीर जम्मू-कश्मीर की नहीं है। उधमपुर जिले के रामनगर में अज्ञात बीमारी से 10 बच्चों की मौत के साथ ही जम्मू संभाग के 10 जिलों में पिछले दो महीनों में 200 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है।
जम्मू स्थित प्रदेश के सबसे बड़े श्री महाराजा गुलाब सिंह जच्चा-बच्चा अस्पताल (एसएमजीएस) में ही दो माह में 122 बच्चों की विभिन्न बीमारियों से जान गई है। ज्यादातर बच्चे दूसरे अस्पतालों से रेफर होकर यहां आए थे। अन्य जिलों में भी बच्चों की मौत हुई है लेकिन स्वास्थ्य निदेशालय के पास मरने वाले बच्चों का पुष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
एसएमजीएस अस्पताल में रोजाना औसतन दो बच्चों की मौत हो रही है। कई दिन यह आंकड़ा बढ़ भी जाता है। अस्पताल के पेडियाट्रिक यूनिट में नवंबर-दिसंबर माह में 122 से अधिक बच्चे दम तोड़ चुके हैं। यह हाल तब है जब एसएमजीएस अस्पताल में पीडियाट्रिक सेक्शन के साथ थैलेसीमिया, कैंसर, हीमोफीलिया, न्यूट्रिशन पुनर्वास आदि केंद्र काम कर रहे हैं। इसके अलावा आठ वार्डों में बच्चों का इलाज किया जाता है। जम्मू संभाग के दस जिलों से बच्चे यहां रेफर होकर आते हैं।
इमरजेंसी-आईसीयू में सुविधाएं पर्याप्त नहीं
एसएमजीएस के इमरजेंसी समेत आईसीयू में बीमार बच्चों की संख्या के मुकाबले सुविधाएं कम हैं। पेडियाट्रिक सेक्शन में निकू (न्यू नेटल इंटेंसिव केयर यूनिट) बी में 33 बेड (इसमें संक्रमण से पीड़ित बच्चे रहते हैं), निकू-ए में 20 बेड (कम वजन और प्रीमेच्योर बच्चे) और निकू-सी में 11 बेड (वेंटिलेटर और इनक्यूबेटर से लैस) हैं।
पिकू (पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट) में 13 बेड पर एक माह से 18 साल तक के मरीज रखे जाते हैं। अस्पताल में बीमार बच्चों के लिए केवल आठ वेंटिलेटर हैं। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 500-600 बच्चे आते हैं, जिसमें 80-90 बच्चे भर्ती किए जाते हैं। पीडियाट्रिक सेक्शन में नवंबर में 2100 और दिसंबर में 1800 से अधिक बीमार शिशु भर्ती कराए गए।
उधमपुर में 23 और किश्तवाड़ में नौ बच्चों की मौत
उधमपुर जिले में नवंबर-दिसंबर में बीमारी से एक भी बच्चे की मौत नहीं हुई लेकिन इस दौरान महिलाओं के गर्भ में ही बच्चों की मौत के 13 मामले सामने आए हैं। जनवरी में यहां अज्ञात बीमारी से रामनगर इलाके में 10 बच्चों की मौत हो गई। किश्तवाड़ में अप्रैल से दिसंबर 2019 तक पांच साल तक के नौ बच्चों और राजोरी में अक्तूबर से दिसंबर तक तीन बच्चों की मौत हुई। उधर, कठुआ जिले में बीते एक साल में एक बच्चे की मौत का रिकॉर्ड उपलब्ध है।
जम्मू-कश्मीर में शिशु मृत्यु दर 24
जम्मू-कश्मीर ने भारत के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जारी नवीनतम नमूना पंजीकरण प्रणाली (एसआरएस 2017) के आंकड़ों के अनुसार 5 वर्ष से कम आयु में शिशुओं की मृत्यु दर में 24 तक की गिरावट दर्ज की गई है। 5 वर्ष से कम आयु दर का वर्तमान राष्ट्रीय औसत 37 है, जो जम्मू-कश्मीर की तुलना में अधिक है। मृत्यु दर का आंकड़ा एक हजार नवजात (एक साल तक की आयु तक) पर लिया जाता है।