जम्मू। जम्मू पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक ग्रहण का भांडाफोड़ किया है। गांधी नगर पुलिस थाने की टीम ने 10 चोरी हुई बाइक बरामद कर दो चोरों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई एसपी साउथ जम्मू की निगरानी और एसडीपीओ साउथ की देखरेख में की गई। सीसीटीवी और लोगों की मदद से पुलिस ने संदिग्ध लोगों की पहचान की। सख्ती पर आरोपी टूट गए और बाइक चोरी में संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदर्श कुमार उर्फ अरुण, निवासी चक अबतारा, बिश्नाह, संजय कुमार उर्फ संजू, निवासी पट्टू, तहसील विजयपुर, जिला सांबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर डिस्कवर, पैशन प्रो, स्प्लेंडर, टीवीएस सहित कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। डिस्कवर (जेकेजीरो2बीएम7995) पैशन प्रो (जेके02एएस 4024), स्प्लेंडर (जेके02बीएच 3135), टीवीएस (डीएल11एसएफ 8394) बाइक (जेके02बीडी 2870) एक स्कूटी (जेके02एएक्स) नंबर अधूरा है। वहीं चार बाइक बिना नंबर प्लेट के हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत आठ से नौ लाख रुपये आंकी गई है। एसपी साउथ ने गांधीनगर थाने के एसएचओ और डिग्याना पोस्ट के अधिकारियों की सराहना की है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के अन्य मामलों की जांच जारी है। ब्यूरो