उधमपुर। आर्मी पब्लिक स्कूल उधमपुर के विद्यार्थियों ने अखिल एपीएस राष्ट्रीय स्तर की अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में उपविजेता ट्रॉफी जीती। स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने कहा कि यह संस्थान के इतिहास में एक सुनहरा पन्ना जुड़ गया है।
उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सेना की उत्तरी कमान के तहत सभी आर्मी पब्लिक स्कूलों के बीच एक प्रतियोगिता हुई थी। प्रतियोगिता का आयोजन आर्मी वेलफेयर एजूकेशन सोसाइटी नई दिल्ली के तत्वावधान में किया गया था। इसकी मेजबानी एपीएस शंकर विहार ने ऑनलाइन की थी।
प्रतियोगिता में एपीएस उधमपुर, मथुरा, दिल्ली कैंट, महू, फाजिल्का, बेंगलुरु, बैरकपुर सहित कुल सात एपीएस स्कूलों ने विभिन्न कमांडों का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया। ‘उद्यमिता (नौकरी चाहने वाले बनाम नौकरी देने वाले) मिथक या वास्तविकता विषय पर आयोजित इस वाद विवाद प्रतियोगिता में एपीएस उधमपुर की 12वीं कक्षा की साक्षी गुप्ता, 11वीं कक्षा की कृष्णा राठौड़ और 11वीं कक्षा के ईशान पांडे ने शानदार प्रस्तुति दी।